नहीं दिया जाता है बजट, दिल्ली सरकार की सड़कों की सफाई नहीं करेगा निगम
संजय गोयल ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में लोक निर्माण विभाग की काफी सड़कें हैं। इन सड़कों की सफाई में निगम के 30 फीसद कर्मचारी लगे रहते हैं।
नई दिल्ली [जेएनएन]। बजट नहीं तो सफाई नहीं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति ने बजट मिले बिना दिल्ली सरकार की सड़कों की सफाई नहीं करने का प्रस्ताव रखा और सत्ता पक्ष ने इसे बहुमत से पास कर दिया। इस मामले को पार्षद संजय गोयल ने जोर-शोर से उठाया।
अलग से कोई बजट नहीं दिया जाता
संजय गोयल ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में लोक निर्माण विभाग की काफी सड़कें हैं। इन सड़कों की सफाई में निगम के 30 फीसद कर्मचारी लगे रहते हैं। जो सड़कें लोक निर्माण विभाग के पास हैं, उनकी सफाई का जिम्मा भी निगम के पास है, लेकिन इन सड़कों की सफाई के लिए निगम को अलग से कोई बजट नहीं दिया जाता है। इसलिए इन सड़कों की सफाई बंद कर देनी चाहिए। इस प्रस्ताव को सत्ता पक्ष ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।
9000 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया
गोयल ने कहा कि दिल्ली सरकार पर चौथे वित्त आयोग के हिसाब से 9000 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। इस वजह से निगम की आर्थिक हालत खराब हो गई है और इसके लिए दिल्ली सरकार जिम्मेदार है। आर्थिक तंगी के कारण कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक को वेतन देना मुश्किल हो गया है।
आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है
गोयल की इस बात का सत्ता पक्ष के अन्य पार्षदों ने भी समर्थन किया। समिति अध्यक्ष वीर सिंह पंवार ने कहा कि दिल्ली सरकार के असहयोग की वजह से पूर्वी निगम की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।
यह भी पढ़ें: सीलिंग के मुद्दे पर मॉनिटरिंग कमेटी के साथ हुई सर्वदलीय बैठक, भाजपा बोली- सार्थक कदम