दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में महिला पत्रकार पर जानलेवा हमला, पति पर लगाया आरोप
न्यू अशोक नगर इलाके में देर रात एक महिला पत्रकार पर हमला किया गया। पीड़िता ने पति पर हमला करवाने का आरोप लगाया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्व दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में देर रात एक महिला पत्रकार पर हमला किया गया। धर्मशिला कैंसर अस्पताल की लालबत्ती पर पत्रकार अपनी कार में थी, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने कार फ्रंट के शीशे पर दो गोलियां चला दी। एक गोली पत्रकार के दाहिने हाथ में लगी है। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। जख्मी हालत में पत्रकार मिताली चंदोला को धर्मशिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात रात करीब 12.30 बजे हुई। पुलिस को आपसी रंजिश या संपत्ति विवाद की आशंका है। हालांकि पीड़ित का कहना है कि कार की ड्राइविंग सीट के शीशे पर पहले अंडे फेंके गए थे। ऐसे में लूटपाट की मंशा से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मिताली पूर्व में एक न्यूज चैनल के साथ जुड़ी हुई थीं। वह ग्रेटर नोएडा में रहती हैं।
पीड़िता का कहना है कि उनका पति दलजीत से विवाद चल रहा है। 7-8 मामले भी पति पर दर्ज करा चुकी हैं। पीड़ित का कहना है कि दलजीत ने ही हमला करवाया है।
दिल्ली- NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप