यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव अस्पताल से डिस्चार्ज, मेदांता में चल रहा था इलाज
मेदांता अस्पताल में दाखिल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह को बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
गुरुग्राम, जेएनएन। मेदांता अस्पताल में दाखिल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह को बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। दोपहर ढाई बजे के आसपास उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली। सोमवार रात शुगर बढ़ने के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने से उन्हें मेदांता में दाखिल कराया गया, जहां उन्हें आइसीयू में रखा गया था। उनका इलाज वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में चल रहा था।
दवा शुरू होते ही मंगलवार को उनकी तबियत में सुधार होने लगा था। बुधवार सुबह एक बार फिर से डॉक्टर ने कई जांच कराई और रिपोर्ट सही आने पर उन्हें घर जाने की सलाह दी।
ओपी चौटाला ने की मुलायम सिंह से मुलाकात
वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला बुधवार को मेदांता में स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे थे। इस दौरान चौटाला ने मुलायम सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। दोनों नेताओं के बीच करीब दस मिनट तक बातचीत हुई।
सोमवार को अस्पताल में हुए थे भर्ती
पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की रविवार रात को तबीयत खराब हो गई थी। तब उन्हें लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती करवाया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर कुछ घंटे बाद उन्हें देर रात डिस्चार्ज कर दिया गया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके घर जाकर उनसे मुलाकात की थी, लेकिन सोमवार की शाम करीब आठ बजे उनकी एक बार फिर तबीयत खराब हो गई। इसके बाद सोमवार रात करीब सवा आठ बजे उन्हें गुरुग्राम के मेंदाता में भर्ती करवाया गया था।
मुलायम सिंह यादव को मेंदाता अस्पताल के आइसीयू में दाखिल करवाया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री को लखनऊ से हवाई जहाज से दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया गया था। वहां से निजी गाड़ी में उन्हें मेदांता पहुंचाया गया था।
इस बीमारी से पीड़ित हैं मुलायम
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से मुलायम सिंह यादव की तबीयत ठीक नहीं चल रही है। उन्हें बुखार और शुगर बढ़े होने शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मेदांता में पूर्व मुख्यमंत्री का इलाज वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशीला कटारिया की देख-रेख में किया जा रहा था।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप