नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में मां-बेटी पर छुरी से हमला करने का मामला सामने आया है। दो बहनों ने छुरी मारकर मां-बेटी को घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले में पीड़ित मां का आरोप है कि एक युवक के कहने पर दोनों बहनों ने वारदात को अंजाम दिया। उस युवक से उनकी रंजिश चल रही है। करीब एक साल पहले उसने उनकी बेटी पर दोस्ती करने का दबाव बनाया था। मना करने पर उसने तेजाब फेंकने की धमकी दी थी। इस बात की उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता परिवार के साथ दिलशाद गार्डन में रहती है। वह दिलशाद कालोनी स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। उसके पार्लर में आरिफा व उसकी बहन काम करती हैं। पीड़िता 16 मार्च की शाम को ब्यूटी पार्लर पहुंची। जहां दोनों बहनें पहले से ही काम कर रही थीं। करीब आधे घंटे बाद वह दोनों बहनें वहां से निकल गईं। पीड़िता भी अपनी दोस्त के साथ बाहर निकली।

इसी दौरान आरिफा ने उसे बात करने के लिए बुलाया। वह उसके पास पहुंची तो दोनों बहनों ने मारपीट शुरू कर दी। इसे देखकर उसकी दोस्त ने उसकी मां को फोन कर दिया। मारपीट के दौरान दोनों बहनों ने छुरी से हमला करना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी छुरी से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों बहनों ने वहां खड़े एक युवक से मारने की बात कही। उसने उनके पेट में लात मारी। इसी बीच पीड़िता का भाई वहां पहुंच गया और उसने पुलिस को सूचना दी। आरोपित बहनें वहां से फरार हो गईं। घायल मां-बेटी को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सालभर पुराना है विवाद

पीड़िता की मां का आरोप है कि करीब एक साल पहले एक युवक ने उनकी बेटी पर दोस्ती के लिए दबाव बनाया था। लेकिन उनकी बेटी ने मना कर दिया था। इस दौरान उसने उनकी बेटी पर तेजाब फेंकने की धमकी दी थी। उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत भी की थी। आरोप है कि वह युवक अब छुरी से हमला करने वाली एक युवती का प्रेमी है। उसके कहने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस की प्राथमिक जांच में युवक और पीड़ित युवती के बीच एक हजार रुपये के लेन-देन की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Edited By: Abhishek Tiwari