Delhi MCD Election 2022: ड्रोन से होगी संवेदनशील बूथों की निगरानी, मुख्यालय से देखा जा सकेगा लाइव टेलीकास्ट
Delhi MCD Election 2022 पूर्वकालिक तीनों नगर निगम के वर्ष 2017 के चुनाव में 13 हजार 138 बूथ बनाए गए थे। इसमें 3284 संवेदनशील बूथ थे। जबकि वर्ष 2022 में दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों के लिए हो रहे मतदान में 3356 संवेदनशील बूथ है।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। Delhi MCD Election 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो और चुनाव पूरी निष्पक्षता से हो इसके लिए राज्य चुनाव आयोग बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। साथ ही उन पहलुओं पर भी काम कर रहा है जहां पर गड़बड़ी की आशंका है। ऐसे में राज्य चुनाव आयोग ने संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग कराने का निर्णय लिया है। जिसका सजीव प्रसारण राज्य चुनाव आयोग मुख्यालय से लेकर जिला निर्वाचन कार्यालयों में देखा जा सकेगा।
मतदान में 3356 संवेदनशील बूथ
कोई भी गड़बड़ी का अंदेशा होने पर आयोग की टीम तुरंत सक्रिय हो जाएगी और उस पर नियमानुसार कार्रवाई भी करेगी। इतना ही नहीं यहां पर अधिकारियों की भी नियुक्ति अलग से होगी। जो कि मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। राज्य चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आयोग ने 3356 ऐसे मतदान केंद्रों की पहचान की है जो कि काफी संवेदनशील हैं। 492 स्थानों पर यह मतदान केंद्र हैं। जिन पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ ही वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनका सजीव प्रसारण मुख्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में करने की तैयारी चल रही है।
चार दिसंबर को मतदान से पूर्व पहले ट्रायल
चार दिसंबर को मतदान से पूर्व पहले इसका ट्रायल भी किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग मुख्यालय में निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। जिसमें प्रत्येक मतदान केंद्र के संपर्क में उच्च अधिकारी रहेंगे। साथ ही संवेदनशील मतदान केंद्रों का सजीव प्रसारण देख प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। अधिकारी ने आगे बताया कि संवेदनशील बूथों पर माइक्रो आबजर्वर भी नियुक्त किए जाएंगे। जो कि वहां पर नजर बनाए रखेंगे।
बढ़ी हैं संवेदनशील बूथों की संख्या
दिल्ली नगर निगम के चुनाव में इस बार संवेेदनशील बूथों की संख्या बढ़ी हैं। पूर्वकालिक तीनों नगर निगम के वर्ष 2017 के चुनाव में 13 हजार 138 बूथ बनाए गए थे। इसमें 3284 संवेदनशील बूथ थे। जबकि वर्ष 2022 में दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों के लिए हो रहे मतदान में 3356 संवेदनशील बूथ है। जो कि 2017 के चुनाव की तुलना में 72 बूथ अधिक हैं। 2022 में 13 हजार 638 बूथ हैं।
माना जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद 2020 में हुए दिल्ली दंगों और नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए प्रदर्शनों के चलते संवेदनशील बूथों की संख्या को बढ़ाया गया है। जिन इलाकों में बूथ बढ़े हैं वह इसी से प्रभावित इलाके हैं। दिल्ली नगर निगम चुनाव की बात करें तो एक लाख कर्मचारी और अधिकारी इस चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे। जिसमें 44 हजार के करीब निगम कर्मी हैं शेष दूसरे विभागों और सुरक्षा के कर्मी हैं।