यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime: युवक की चाकू से वार कर हत्या करने वाले नाबालिग लुटेरे पकड़े, CCTV फुटेज में मिले थे अहम सबूत
युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सुजानपुर गांव के विवेक कुमार के रूप में हुई। वह निहाल ...और पढ़ें

HighLights
- कब्जे से खून से सना चाकू, बाइक, मृतक के कपड़े बरामद
- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले का था विवेक
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। काम की तलाश में उत्तर प्रदेश से दिल्ली आए युवक को नांगलोई इलाके में लुटेरों ने लुटपाट के दौरान चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सुजानपुर गांव के विवेक कुमार के रूप में हुई।
वह निहाल विहार इलाके में रहने वाले चचेरे भाई के साथ टीवी शोरूम में काम करना चाहता था। नांगलोई थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा है। उनके पास से खून से सना चाकू, बाइक, मृतक के कपड़े, बैग व लूटा हुआ कीमती सामान बरामद किया गया है।
अस्पताल में हुई थी विवेक की मौत
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त जिम्मी चिरम ने बताया कि बृहस्पतिवार को नांगलोई थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि लूटपाट के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक को चाकू मार दिया है। घायल सड़क पर पड़ा है। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि घायल को अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल जाकर पता चला कि विवेक की मौत हो चुकी है।
नांगलोई थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान कुछ लड़कों की पहचान की गई। इसके बाद टीम ने छापेमारी कर तीनों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर खून से सना हुआ चाकू, खून से सना नकदी वाला लूटा हुआ बैग, अपराध में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई।
आरोपितों ने बताया कि उन्होंने विवेक का बैग, मोबाइल और उसका पर्स लूटा था। विवेक के पिता व बड़ा भाई खेती करते हैं।उनके रिश्तेदार निहाल विहार इलाके में रहते हैं और उसका चचेरा भाई दिल्ली के एक टीवी शोरूम में सेल्समैन है। विवेक अपने चचेरे भाई के साथ दिल्ली में सेल्समैन के रूप में काम करना चाहता है।
छह आरोपितों से सात मोबाइल व बाइक बरामद
उधर, पश्चिमी जिला पुलिस ने छह झपटमारों को गिरफ्तार कर उनके पास से सात मोबाइल, बाइक, स्कूटी व चाकू बरामद किया है।आरोपितों की पहचान करोल बाग के गुलशन उर्फ नोनी, कैलाश पुरी के बिल्लू उर्फ बिल्ली, उत्तम नगर के करण सिंह उर्फ सरदारा, सुल्तानपुरी के सागर, दीपक व मादीपुर के अभय शुक्ला के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि आरोपितों की गिरफ्तारी से दस आपराधिक मामलों को हल कर लिया गया है। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि शनिवार को हरि नगर, जनकपुरी, मायापुरी और पंजाबी बाग थाना पुलिस ने छह झपटमारों को पकड़ा।इनके पास से सात मोबाइल, बाइक, स्कूटी व चाकू बरामद हुआ।इनकी गिरफ्तारी से दस आपराधिक मामलों को हल कर लिया गया है।
