Delhi Weather Forecast News Update: ठंड में लगातार हो रहा इजाफा, आने वाले दिनों में और गिरेगा न्यूनतम तापमान
मंगलवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तो अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी इस ठंड में धीरे-धीरे इजाफा ही होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में भी और गिरावट आएगी।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में ठंड ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। ठंड के चलते लोग गर्म कपड़े निकालने के लिए मजबूर हो गए, तो वहीं मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या लगातार घटती जा रही है। दिल्ली-एनसीआर के पार्कों में मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या 50 फीसद तक घट गई है। इसके पीछे एक वजह वायु प्रदूषण में इजाफा होना भी है। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तो अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी इस ठंड में धीरे-धीरे इजाफा ही होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में भी और गिरावट आएगी।
सुबह दिखी हल्की धुंध
इस बीच मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में धुंध का इजारा देखने मिला। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में धुंध में इजाफा हो सकता है। इस बीच मंगलवार दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे।
इससे पहले सोमवार की सुबह 17 वर्ष में सबसे सर्द रही। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बीच दिल्ली में भी ठंड बढ़ रही है। दिल्लीवासियों को नवंबर में ही न केवल दिसंबर-जनवरी की सर्दी का एहसास होने लगा है, बल्कि गर्म कपड़े भी निकल आए हैं।
सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहे। बादलों के साथ सूरज की लुकाछिपी के चलते धूप में भी ठंड का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह रविवार से भी .6 डिग्री तो कम रहा ही, पिछले 17 सालों में नवंबर का न्यूनतम तापमान भी रहा। इससे पूर्व 29 नवंबर, 2003 को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। हवा में नमी का स्तर 34 से 95 फीसद रिकॉर्ड किया गया। पालम, मुंगेशपुर, आयानगर और जाफरपुर में दिन भी खासा ठंडा रहा। इन जगहों का अधिकतम तापमान क्रमश: 22.5, 23.2, 24.4 एवं 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो