Delhi Metro Phase-4: पिंक लाइन पर कई मायनों में खास होगा मौजपुर-मजलिस पार्क मेट्रो कारिडोर
Delhi Metro Phase-4 दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) निर्माणाधीन मौजपुर-मजलिस पार्क मेट्रो कारिडोर कई मायनों में खास होगा। मेट्रो लाइन का संयुक्त ढांचा भी लोगों को खूब भाएगा। इसके अलावा भी कई अन्य खूबियां होंगीं।
नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। दिल्ली मेट्रो फेज चार में पिंक लाइन के विस्तार के लिए निर्माणाधीन मौजपुर-मजलिस पार्क मेट्रो कारिडोर कई मायनों में खास होगा। इस कारिडोर पर भजनपुरा से यमुना विहार के बीच डबल डेकर कारिडोर, यमुना पर मेट्रो का पांचवां पुल व सूरघाट के नजदीक एक-दूसरे के समानांतर फ्लाईओवर व मेट्रो लाइन का संयुक्त ढांचा लोगों को आकर्षित करेगा।
इस मेट्रो लाइन के डबल डेकर कारिडोर के लिए कई पिलर का काम पूरा हो गया है। इससे डबल डेकर कारिडोर आकार लेने लगा है। हालांकि कोरोना के कारण कार्य में देरी होने के कारण 12.58 किलोमीटर लंबा मौजपुर-मजलिस पार्क कारिडोर अगले डेढ़ साल में बनकर तैयार होगा।
यह कारिडोर वर्तमान 58.43 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) की विस्तार परियोजना है। इसका निर्माण कार्य वर्ष 2020 में ही शुरू हुआ था। डबल डेकर कारिडोर पर जमीन से 9.5 मीटर की ऊंचाई पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का फ्लाईओवर और फ्लाईओवर के नौ मीटर ऊपर मेट्रो का कारिडोर होगा। इस वजह से जमीन से मेट्रो कारिडोर की कुल ऊंचाई 18.5 मीटर होगी। इस कारिडोर के लिए यमुना पर बन रहे पांचवें पुल की लंबाई 560 मीटर होगी।
पुल की विशेषता
- पुल की लंबाई- 560 मीटर
- पिलरों की संख्या- नौ
- पुल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले स्पैन की संख्या होगी- नौ
- एक स्पैन की लंबाई- 60 मीटर व 80 मीटर
यहां होंगे आठ स्टेशन
इस कारिडोर पर आठ मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। जिसमें बुराड़ी, झरोदा माजरा, जगतपुर, सूरघाट, सोनिया विहार, खजुरी खास, भजनपुरा व यमुना विहार होंगे।