अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे मनोज तिवारी
केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हो चुका है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी बृहस्पतिवार को अपने संसदीय क्षेत्र की अनदेखी के खिलाफ शास्त्री पार्क पर आमरण अनशन पर बैठ गए। उन्होंने दिल्ली सरकार से शास्त्री पार्क फ्लाईओवर व लूप के लिए फंड जारी करने, सीलमपुर फ्लाईओवर को डबल करने, राशन घोटाले के दोषियों को तुरंत सजा दिलाने, सिग्नेचर ब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा करने और पूरे क्षेत्र में स्वच्छ पीने के पानी की व्यवस्था की मांग की है।
अनशन के पहले दिन केन्द्रीय मंत्री सुरेश प्रभु एवं विजय गोयल ने अनशन स्थल पर पहुंच कर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सुरेश प्रभु ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एक के बाद एक जनता के हित के काम कर रही है और जिसका असर पूरे देश में दिख रहा है।
जनता की खुशहाली और सरकार की लोकप्रियता विपक्ष को रास नहीं आ रही है। विपक्ष अपनी घटती लोकप्रियता और मिटते अस्तित्व से परेशान है। अपनी मां को बचाने के लिए जनता के विकास की गति को रोकना चाहती है और सदन को बाधित कर रही है, जिसे न देश माफ करेगा, न देश की जनता।
केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हो चुका है। उन्होंने न सिर्फ देश की जनता के साथ धोखा किया है बल्कि सदन की गरिमा को तार-तार कर दिया है।
कांग्रेस और विपक्ष के घिनौनी हरकत से न सिर्फ लोकतांत्रिक व्यवस्था शर्मसार है, बल्कि देश के करोड़ों रुपयों की बर्बादी के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जिम्मेदार है। आज दिल्ली के साथ-साथ अपने कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की घृणित हरकत को उजागर करने के लिए उपवास पर है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी कहा कि उनकी हाल ही में पथरी से जुड़ी शल्य चिकित्सा हुई है जिसके कारण कुछ दर्द है पर मेरा दर्द जनता की तकलीफों से बड़ा नहीं है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकारें बदलती रहीं, लेकिन उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के हालात नहीं बदले। कई बेईमान सरकारें उत्तरी पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र का विकास हमसे छीन कर अन्य क्षेत्रों में ले गईं। राष्ट्रमंडल खेल की योजना हमारे संसदीय क्षेत्र में बनी लेकिन खेल गांव कहीं और बना।
उन्होंने कहा कि जब सारी योजना तैयार हो गई तो दिल्ली सरकार ने एक बार फिर शास्त्री पार्क में फ्लाईओवर, लूप और सीलमपुर का फ्लाईओवर डबल करने की योजना को रोककर अपनी मंशा जाहिर कर दी है।