यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनोज तिवारी ने 'आप' पर किया सबसे बड़ा हमला, बोले- नक्सलियों के फॉर्मूले पर चल रहे हैं केजरीवाल
मनोज तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार की नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए शहरी नक्सलवाद की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

नई दिल्ली [जेएनएन]। बिजली, पानी सहित अन्य मुद्दों पर मुख्यमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए भाजपा नेता बुधवार को सड़क पर उतर गए। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में निगम पार्षदों एवं भाजपा नेताओं ने शहीदी पार्क से रोष मार्च निकाला। दिल्ली सचिवालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने आइटीओ चौराहे पर रोक दिया। जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की।
ड्रामा कर रहे हैं केजरीवाल
भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता बिजली-पानी व अन्य समस्याओं से परेशान है। इसे हल करने के बजाय मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ राजनिवास में धरना देकर लोगों का ध्यान भटका रहे हैं। तिवारी ने कहा कि केजरीवाल नक्सलवादियों की तरह धोखे से राजनिवास में जाकर धरने का ड्रामा कर रहे हैं।

जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्लीवासी समस्याओं से जूझ रहे हैं और आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनाव के समय जो 70 वादे किए थे उसे पूरा नहीं किया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री अपनी सरकार की नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए शहरी नक्सलवाद की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
धोखे से धरने का नाटक प्रारंभ कर दिया
मनोज तिवारी ने कहा कि नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में अक्सर यह होता है कि नक्सली मिलने के बहाने से अधिकारियों तक पहुंचकर उनका अपहरण कर लेते हैं या उनकी हत्या कर देते हैं। इसी तरह से केजरीवाल व उनके मंत्रियों ने धोखे से उपराज्यपाल से मिलने का समय लिया और उनके कार्यालय में पहुंचकर वहां धरने का नाटक प्रारंभ कर दिया। उन्हें याद रखना चाहिए बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोग खासकर महिलाएं कभी उनकी सरकार को माफ नहीं करेंगी।
.jpg)
'आप' को नकार देगी जनता
सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि 'आप' सरकार से जनता खासकर युवा वर्ग त्रस्त है। सरकारी स्कूलों की दुर्दशा, कॉलेज एवं खेल सुविधाओं का अभाव, बेरोजगारी व वाई-फाई को लेकर वादाखिलाफी से उनमें भारी रोष है। दिल्ली के लोग अगले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में इस सरकार को पूरी तरह से नकार देंगे।
दिल्ली में नहीं है पानी की कमी
प्रदेश भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, रविंद्र गुप्ता व राजेश भाटिया ने कहा कि दिल्ली में कच्चे पानी का अभाव नहीं है, लेकिन पानी के समुचित शोधन एवं वितरण व्यवस्था पर ध्यान न देने के कारण यह संकट उत्पन्न हुआ है। दिल्ली सरकार निजी वितरण कंपनियों को लाभ पहुंचा रही है।

प्रभावित हो रही हैं सेवाएं
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर बिपिन बिहारी सिंह, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति की अध्यक्ष शिखा राय एवं उत्तरी दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति की अध्यक्ष वीना विरमानी ने कहा कि केजरीवाल सरकार द्वारा निगमों को फंड न देने के कारण सफाई, प्राइमरी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
