'योग के दौरान व्यक्ति का धरती और आसमान से जुड़ाव होता है'
तिवारी ने कहा योग के दौरान व्यक्ति का धरती और आसमान से जुड़ाव होता है। भारतीय योग की शक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को अवगत कराया।
नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। योग के फायदे उसे जीवन में अमल करके ही महसूस किए जा सकते हैं। योग स्वस्थ रहने के साथ-साथ मन को एकाग्र करने का साधन भी है। भारत ने योग का पाठ दुनिया को पढ़ाया। योग की मदद से भारत सचमुच विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।
ये बातें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहीं। वह प्रगति मैदान के हॉल नंबर सात में आयोजित तीन दिवसीय 'द योगशाला एक्सपो 2017' में लोगों को संबोधित कर रहे थे। रविवार को योगशाला एक्सपो का तीसरा दिन है। इसका आयोजन नमो गंगे ट्रस्ट और दैनिक जागरण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।
दूसरे दिन आयुष चिकित्सा पद्धति पर कार्यशाला व योग पर पेटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। पेटिंग के जरिये कलाकारो ने संदेश दिया कि स्वास्थ्य के लिए योग किस तरह फायदेमंद है। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए।
मनोज तिवारी शाम को एक्सपो में पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह पहले सिर्फ व्यायाम व खेलों में हिस्सा लेते थे। अब नियमित योग करने से अहसास हुआ कि योग और व्यायाम में अंतर है। पहले समझता था कि योग भी एक तरह का व्यायाम ही है, लेकिन योग करने के लिए लोग सबसे पहले धरती पर आसान लेते हैं।
योग के दौरान व्यक्ति का धरती और आसमान से जुड़ाव होता है। भारतीय योग की शक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को अवगत कराया। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन उसकी झलक दिखेगी। एक टीवी चैलन पर दिखाया जा रहा था कि एक स्कूल में मुस्लिम समुदाय की लड़कियां भी योग कर रही हैं। जापान में भी लोग योग करने लगे हैं। नमो गंगे ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश आचार्य ने मनोज तिवारी को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। योगशाला एक्सपो में आयुष मंत्रालय के उपसचिव रामानंद मीना ने भी शिरकत की।
यह भी पढ़ें: अपने खिलाफ पोस्टर पर विश्वास का पलटवार, बोले- यज्ञ में राक्षस जरूर आते हैं