2019 Lok Sabha election results: शीला दीक्षित से काफी आगे निकले भाजपा के मनोज तिवारी
आम आदमी पार्टी को भी इस सीट से बड़ी उम्मीद थी लेकिन मोदी लहर में सारे अरमानों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। 2019 Lok Sabha election results: देश की राजधानी दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों में सबसे दिलचस्प मुकाबला उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर माना जा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है मनोज तिवारी की जीत तय होती जा रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी कांग्रेस की शीला दीक्षित का काफी आगे चल रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक तीन लाख 51 हजार 161 मतों से आगे चल रहे हैं। मनोज तिवारी को अभी तक 754336 वोट मिले हैं। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 408859 वोट मिले हैं। आम आदमी पार्टी के दिलीप पांडेय को 183447 वोट और बसपा के राजवीर सिंह को 36854 मत मिले हैं।
पांचवे राउंड की गिनती तक अप्रत्याशित रूप से मनोज तिवारी को 57.74 फीसद वोट पड़े, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शीला दीक्षित 24.16 और AAP के प्रत्याशी दिलीप पांडेय को 14.03 फीसद वोट पड़े। मनोज तिवारी को कुल 2,37, 312 वोट मिले। शीला काे 99,321 वोट मिले। वहीं आप के 97,671 मत प्राप्त हुए। इस चुनाव में खास बात यह रही कि मुस्लिम बहुल सीलमपुर, मुस्तफाबाद, बाबरपुर सहित सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को शुरुआती बढ़त मिल रही है।
इससे साफ है कि उत्तरी पूर्वी दिल्ली में मोदी लहर और राष्ट्रवाद के मुद्दे ने जोर पकड़ा है। मुस्लिम मतदाताओं ने कांग्रेस को वोट दिया तो हिंदू मतदाताओं ने जमकर भाजपा को वोट दिया। शीला दीक्षित के बेटे व पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने जागरण से खास बातचीत में कहा है कि इस चुनाव में शुरू से ही मोदी लहर और राष्ट्रवाद का असर दिख रहा था, उसका अहसर परिणामों पर दिख रहा है। उन्होंने मतगढ़ना केंद्र के अंदर किसी तरह की गड़बड़ी से इंकार किया है। दिलीप पांडेय ने लभगभ अपनी हार को स्वीकार कर लिया है। मनोज तिवार ने भी मोदी लहर के साथ क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का हवाला दिया और साथ ही जनता का शुक्रिया अदा किया।
बता दें कि 2014 में इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी ने बड़े मतों से जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस के पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल, भाजपा के मनोज तिवारी और आम आदमी पार्टी के प्रोफेसर आनंद कुमार के बीच मुकाबला हुआ था। आम आदमी पार्टी को इस सीट से बड़ी उम्मीद थी, लेकिन मोदी लहर में सारे अरमानों पर पानी फिर गया। मनोज तिवारी ने करीब 1.50 लाख वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 5,96,125 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे प्रो. आनंद कुमार को 4,52,041 वोट से संतोष करना पड़ा था। 2014 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप