मनोज तिवारी ने बताया आखिर कांग्रेस से गठबंधन क्यों करना चाहते हैं केजरीवाल
गफ्फार मार्केट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच वर्षो में इतने काम किए हैं कि विरोधियों के पसीने छूट गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। विजय संकल्प रैली के तहत गफ्फार मार्केट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच वर्षो में इतने काम किए हैं कि विरोधियों के पसीने छूट गए हैं। यही वजह है कि दिल्ली और देश के दूसरे राज्यों में विरोधी दल अपने आप को बचाने के लिए गठबंधन करने में जुटे हैं, जबकि सच्चाई है कि लोगों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यो से गरीबों को न्याय और उनका हक मिला है। अब सीधे बैंक में सब्सिडी जाती है तो बिचौलियों का व्यापार खत्म हो गया है। इसलिए केजरीवाल आजकल कांग्रेस के समक्ष गठबंधन के लिए दंडवत हो रखे हैं।
मनोज तिवारी ने एक बार फिर घोंडा गुजरान खादर की ज़मीन पर लैंडफिल साइट बनाने की अटकलों को विराम देते हुए कहा है की यमुना के डूब क्षेत्र में स्थित घोडा गुजरान खादर कि जिस ज़मीन पर बार वार गंदगी इकट्ठा कर लैंडफिल साइट बनाने का प्रयास और साज़िश की जा रही है उसे मैं अपने जीते जी क़ामयाब नहीं होने दूँगा।
उन्होने कहा कि जिस ज़मीन पर खेती करने के लिए रासायनिक खाद का उपयोग करने पर सम्पूर्ण खेती को DDA ने उजाड़ दिया उस ज़मीन पर रासायनिक कचरा इकट्ठा कर लैंडफिल वनाने का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि ऐसा करने से न सिर्फ़ यमुना का अस्तित्व ख़तरे में पड़ जाएगा बल्कि भूजल ज़हरीला होकर दिल्ली के लाखों लोगों के लिए जीवन का संकट उत्पन्न कर देगा।
मनोज तिवारी ने कहा कि घोंडा गुजरान खादर की ज़मीन पर लैंड फ़िल का मुद्दा उठाकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी क्षेत्र का माहौल बिगाड़ कर राजनैतिक रोटियां सेंकना चाहती है जिनके मंसूबे क़ामयाब नहीं होंगे और उनकी इस साज़िश को क्षेत्र की जनता बर्दाश्त नही करेगी।
लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी तरुण चुघ ने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली की जनता ने 2014 में सातों सीटों पर भाजपा को विजयी बनाया वही इतिहास 2019 में दोहराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकतंत्र के मंदिर में शपथ ली थी कि हमारी सरकार देश के गरीबों की समर्पित सरकार होगी। मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीबों के जीवन में परिवर्तन आया है।