बेटे की शादी के बाद पत्नी से होने लगी अनबन तो पिता ने शादी कराने वाली रिश्तेदार की कर दी हत्या
अशोक रामवती से गुस्सा था। रविवार की रात को अशोक अपने रिश्तेदार मनोहर बेटे बबलू व किराएदार लालू के साथ रामवती के घर पहुंचा और झगड़ा करने लगा और हत्या कर दी।
नई दिल्ली [संजय सलिल]। समयपुर बादली इलाके में एक शख्स ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपने बेटे की शादी कराने वाली महिला (मध्यस्थ) की हत्या कर दी। मुख्य आराेपित के बेटे का दांपत्य जीवन सुखी नहीं था। पति -पत्नी के रिश्ते मधुर नहीं थे। इसके लिए मुख्य आरोपित महिला को जिम्मेदार मानता था। इस बावत समयपुर बादली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर वारदात में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बिहार की रहने वाली थी रामवती
जानकारी के अनुसार रामवती(59) मूल रुप से बिहार के दरंभगा की निवाासी थीं और परिवार के साथ बादली स्थित जेजे कैंप में रहती थीं। जेजे कैंप में ही रामवती का रिश्तेदार अशोक भी रहता था। लेकिन, बाद में वह जेजे कैंप छोड़कर स्वरूप नगर इलाके में रहने चला गया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अशोक के बेटे की पत्नी की मौत हो चुकी थी।
रामवती ने पहल कर कराई थी शादी
ऐसे में रामवती ने पहल कर उसकी शादी अपनी बहु की बहन से करा दी थी, लेकिन शादी के बाद ही पति-पत्नी के बीच कलह होेने लगा। उनके रिश्ते धीरे धीरे बिगड़ते चले गए। बेटे-बहू के दांपत्य जीवन में आई खटास के कारण अशोक भी परेशान रहा करता था। वह इसके लिए रामवती को जिम्मेदार मानने लगा था कि गलत लड़की से जानबूझकर शादी करा कर परिवार की खुशियां छीन ली है। ऐसे में अशोक व रामवत के बीच विवाद होता रहता था।
सिर पर डंडे से किया वार
अशोक रामवती से खुन्नस पाले बैठा था। बताया जाता है कि रविवार की रात को अशोक अपने रिश्तेदार मनोहर, बेटे बबलू व किराएदार लालू के साथ रामवती के घर पहुंचा और झगड़ा करने लगा। इसी क्रम में आरोपितों ने रामवती के सिर पर डंडे आदि से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गया। इस मामले की जांच के लिए एसएचओ आशीष दुबे के नेतृत्व में इंस्पेक्टर समीर झा की टीम बनाई गई। पुलिस ने सोमवार
को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास से लालू और मनोहर को गिरफ्तार कर लिया।