दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी भरा Email भेजने वाला गिरफ्तार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी भरा ईमेल भेजने वाला आरोपित को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य नेताओं को धमकी भरा ईमेल भेजने वाले शख्स को मुबंई से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अभिषेक तिवारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उन्नाव (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और मुंबई में डिलीवरी ब्वॉय का काम कर रहा था। वह नौकरी से असंतुष्ट और जीवन से परेशान था। लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए वह इस प्रकार की ईमेल भेज रहा था।
डीसीपी अनेश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से पुलिस को शिकायत मिली थी कि कोई शख्स ईमेल भेजकर मुख्यमंत्री केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच के लिए एसीपी रमण लांबा की देखरेख में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई। टेक्निकल सर्विलांस के माध्यम से आरोपित की तलाश शुरू की गई। ईमेल के अलावा उससे जुड़े फोन नंबर को खंगाला गया। ईमेल भेजने वाले के तार मुंबई और कानपुर से जुड़े मिले।
पुलिस की टीम मुंबई और कानपुर रवाना की गई। उधर, पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही आरोपित भूमिगत हो गया, लेकिन बाद में पुलिस ने आरोपित द्वारा छोड़े गए डिजिटल सुराग की छानबीन की तो उसके मुंबई में होने का पता चला। इसके बाद पुलिस की टीम ने मुंबई के नालासोपारा स्थित एक चाल (छोटा कमरा) से आरोपित अभिषेक तिवारी को धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपित फर्नीचर वितरक के लिए डिलीवरी ब्वॉय का काम कर रहा था। वह अपनी नौकरी और जीवन से खुश नहीं था। वह जीवन में कुछ ऐसा करना चाहता था, जिससे कि लोगों का ध्यान उसकी तरफ जाए।
इसी उद्देश्य से सबसे पहले उसने जुलाई 2019 में मुंबई के एक नेता को ईमेल के जरिये धमकी दी थी। उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर उसे बड़े नेताओं को ईमेल भेजने का आइडिया आया। उसने केजरीवाल के अलावा नई दिल्ली स्थित एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के कार्यालय में ईमेल भेजकर बम धमाका करने की धमकी दी थी। ईमेल भेजने के लिए आरोपित ने अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने अभिषेक तिवारी के मोबाइल फोन को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया है।
पहले भी मिली थी धमकी
इससे पहले इसी साल जनवरी महीने में केजरीवाल को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। केजरीवाल के पर्सनल सिक्युरिटी ऑफिसर (Personal Security Officer) ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। केजरीवाल के पीएसओ के मुताबिक, धमकी भरा यह फोन दिल्ली के विकास पुरी से आया था। इसमें उस अंजान शख्स ने फोन पर कहा कि सीएम केजरीवाल पर हमला हो सकता है।
बता दें कि 9 जनवरी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बेटी का अपहरण करने की धमकी भरा ईमेल मिला था। शिकायत पर दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने ईमेल भेजने वाले को रायबरेली से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित छात्र था और दिल्ली में रहकर सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह इलाज से असंतुष्ट था, इसलिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने को उसने यह ईमेल की थी। आरोपित के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है, जिससे उसने सीएम को ईमेल भेजी थी।
केजरीवाल पर कभी थप्पड़, कभी स्याही तो कभी फेंके गए अंडे
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमले का यह पहला मामला नहीं था, इससे पहले भी कई बार उन पर कई हमले हो चुके हैं। अभी हाल में ही लोकसभा चुनाव के दौरान एक शख्स ने केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया था।अप्रैल, 2016 में दिल्ली सचिवालय में ही पत्रकार वार्ता के दौरान उन पर जूता फेंका गया था। जूता फेंकने वाला आम आदमी सेना का कार्यकर्ता वेदप्रकाश शर्मा था। जूते के अलावा केजरीवाल की ओर सीडी भी उछाली गई।
लुधियाना में गाड़ी पर हमला
फरवरी, 2016 में ही पंजाब के लुधियाना में अरविंद केजरीवाल की कार पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया था, जिससे कार का सामने वाला शीशा टूट गया था।
महिला ने फेंकी थी स्याही फेंकी
जनवरी, 2016 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ऑड ईवन फॉर्मूले के 15 दिवसीय ट्रायल की सफलता का जश्न मना रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर स्याही फेंकने का मामला सामने आया था। मुख्यमंत्री जब मंच से सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी एक महिला ने नाराजगी जाहिर करते हुए उन पर स्याही फेंकी थी।
इससे पहले 27 दिसंबर 2014 को दिल्ली में रैली के दौरान एक लड़के ने केजरीवाल पर पत्थर मारा था, यह अलग बात है कि उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। फिर 26 दिसंबर 2014 को दिल्ली में रैली के दौरान उन पर अंडे फेंके गए थे।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप