दर्दनाक अंत: प्रेमी युगल ने खुद उजाड़ ली अपनी दुनिया, चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग; मंजर देख कांप उठे लोग
गाजियाबाद के मोदीनगर में एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दोनों के शव हिसाली रेलवे फाटक के पास क्षत-विक्षत हालत में मिले। बताया जा रहा है कि दोनों चार दिन पहले घर से निकले थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों के बीच चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

संवाद सहयोगी, जागरण, मुरादनगर। गाजियाबाद जनपद में मोदीनगर के सीकरी खुर्द गांव से तीन दिन पहले गायब हुए प्रेमी युगल के शव थाना क्षेत्र के हिसाली मार्ग स्थित रेलवे ट्रैक पर मिले हैं। दोनों के द्वारा आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक युवक व युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव है, जिसे देखते हुए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया।
मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी खुर्द गांव में इंद्र कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। इंद्र के तीन पुत्र हैं, जिनमें मंझला पुत्र सागर 21 बीफार्मा का छात्र है। जानकारी के अनुसार सागर का अपने पड़ोसी की पुत्री विशाखा के साथ प्रेम संबंध थे। इस मुद्दे पर दोनों परिवारों के बीच पूर्व में कई बार विवाद हो चुका है।
तीन दिन पूर्व भी सागर व विशाखा दोनों एक साथ गायब हो गए थे। दोनों के स्वजन ने उन्हें खोजने का प्रयास किया। तमाम कोशिशों के बाद भी सुराग नहीं लगा। सोमवार को मुरादनगर थाना क्षेत्र में हिसाल मार्ग स्थित फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक व युवती के शव पड़े मिले। शव ट्रेन की चपेट में आकर क्षत-विक्षत हो चुके थे।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
शव के साथ मिले कागजों के आधार पर उनकी पहचान सागर और विशाखा के तौर पर की गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना के बारे में दोनों के स्वजन को सूचित किया। यह सूचना गांव में पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप लगाने लगे। प्रथम दृष्टा मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
रविवार शाम को भी फाटक के पास देखे गए थे दोनों
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास दुकानदारों से पूछा तो पता चला कि रविवार की शाम को बाइक सवार एक युवक और युवती हिसाली फाटक के आसपास घूमते दिखे थे। दोनों ने फाटक से कई बार चक्कर लगाए थे। मृतक युवक की बाइक को भी निकट फाटक से 100 मीटर दूर स्थित पार्क के पास बरामद की।
सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही पुलिस
इसके अलावा पुलिस फाटक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही है, जिससे घटना के सही समय का पता लग सके। छह माह पूर्व घर से चले गए थे प्रेमी युगल मृतक सागर और मृतक विशाखा के परिचितों का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चला आ रहा था। इसकी चर्चा पूरे मोहल्ले में थी। दोनों करीब छह माह पूर्व भी साथ में घर से चले गए थे।
स्वजन दोनों के संबंधों से नहीं थे खुश
इसके बाद दोनों को स्वजन ने बरामद करा लिया था। उस समय भी इस बात को लेकर दोनों परिवार के बीच जमकर गहमा गहमी हुई थी। स्वजन दोनों के संबंधों से खुश नहीं थे। वे लगातार इसका विरोध कर रहे थे। दोनों परिवार के लोगों का एक-दूसरे के यहां आना जाना भी बंद है। दोपहर को युवक युवती के शव ट्रैक पर पाए जाने की जानकारी मिली थी। दोनों की पहचान करने के बाद उनके स्वजन को सूचित कर दिया गया है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अन्य सभी बिदुंओं पर भी जांच की जा रही है। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, डीसीपी ग्रामीण जोन
यह भी पढ़ें- स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने मारा छापा तो मची भगदड़; 9 महिलाएं पकड़ी गई

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।