पिस्टल दिखा कर क्लब संचालक को सरेराह लूटा -Gurugram News
सेक्टर 29 स्थित एक क्लब के संचालक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखा 15 हजार की नगदी लूट ली है।
गुरुग्राम, जेएनएन। सेक्टर 29 स्थित एक क्लब के संचालक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर 15 हजार की नगदी लूट ली। लुटेरों ने कपिल के हाथ से सोने की अंगूठी भी उतरवा ली। अशोक विहार फेज दो के रहने वाले क्लब संचालक कपिल घटना के वक्त अपने क्लब से घर लौट रहे थे।
उनकी शिकायत पर सेक्टर 14 थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में कपिल ने बताया कि सेक्टर 29 में वह साझेदारी में क्लब का संचालन करते है।
सुबह करीब चार बजे वह क्लब से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अतुल कटारिया चौक पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगा दिया।
वहीं दूसरे बदमाश ने उनके जेब में रखी 15 हजार की नगदी तथा हाथ की उंगलियों से सोने की अंगूठी निकाल ली। इसके बाद बदमाश वापस अपनी बाइक पर बैठकर शहर की ओर फरार हो गए।
कपिल ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद मौके पर पहुंची सेक्टर 14 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।