लाइफस्टाइल: परिधानों में होली, मौसम और राजनीति का मिश्रण
होली के परिधान इस बार चुनावी रंगों के साथ और भी चटख हो गए हैं। चुनावी मौसम आते ही खादी कॉटन और लेनिन का क्रेज बढ़ने लगा है। होली के लिए फैशन बाजार में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
गुरुग्राम[प्रियंका दुबे मेहता]। होली के परिधान इस बार चुनावी रंगों के साथ और भी चटख हो गए हैं। चुनावी मौसम आते ही खादी कॉटन और लिनेन का क्रेज बढ़ने लगा है। होली के लिए फैशन बाजार में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार चुनावी रंग होली के रंगों के साथ मिक्सअप होकर फैशन में बदलाव ला रहे हैं।
अब खादी खासी फैशनेबल हो गई है, बावजूद इसके लोग इससे इस समय पारंपरिक व कॉलरदार परिधान तैयार करवा रहे हैं। फैशन से काफी समय तक बाहर रहे कॉलर वाले कुर्ते, कुर्तियां, टॉप और यहां तक कि ब्लाउज भी इसी डिजाइन में तैयार हो रहे हैं। अलग दिखने की चाह में बदल रही है पसंद लोग इन दिनों कॉटन, खादी आदि से बने कपड़ों के फैशन को तेजी से अपना रहे हैं।
कुछ अलग दिखने और अलग पहनने की चाह में लोगों को किसी न किसी अवसर का इंतजार रहता है ताकि फैशन में बदलाव लाया जा सके। ऐसे में इन दिनों फैशन पूरी तरह से होली, मौसम और राजनीति के मिश्रण से तैयार हो रहा है। इसी का परिणाम है कि नेहरू जैकेट और कॉलर कुर्ते इन दिनों तेजी से डिमांड में हैं। कॉलरदार परिधान मौसम व त्योहार को देखते हुए हल्के रंगों में बनाए जा रहा है।
मौसम से आया फैब्रिक फैशन में बदलाव
फैशन डिजाइनर तन्वी शाह के मुताबिक गर्मी के शुरू होते ही कूल फैब्रिक्स की डिमांड बढ़ जाती है। कॉटन खादी और लिनेन इसी वर्ग में आते हैं। ऐसे में लोग अब अपना वार्डरोब इसी तरह के फैब्रिक और पेस्टल रंगों से तैयार कर रहे हैं। नए स्टाइल के नाम पर निकले कॉलरदार कुर्ता व ब्लाउज पसंद कर रहे हैं।
फैशन डिजाइनर नीता साहनी के मुताबिक इस समय खादी को लेकर लोगों में दोहरा उत्साह है। ऐसे में होली के परिधानों में इस बार अलग रंग देखने को मिलेगा। चुनाव, होली व बदलते मौसम ने एक साथ फैशन इंडस्ट्री को हिट किया है। ऐसे में लोग ऐसे परिधान बनवा रहे हैं जो कि लेटेस्ट फैशन के साथ साथ बदलते माहौल को भी दर्शाते हों। युवाओं ही नहीं, हर वर्ग के लोगों में इसी तरह के फैब्रिक व पैटर्न की डिमांड है।
फैशन एक्सपर्ट तन्वी शाह के मुताबिक फैशन में अब पारंपरिक, ट्रेंडी, और चुनावी रंग देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में ट्रेंडी कुर्ते पर कॉलर और पारंपरिक कशीदाकारी से इसे त्योहार का लुक भी दिया जा रहा है। फैशन ब्लॉगर नवजोत के मुताबिक स्किन को स्वस्थ रखने के लिहाज से खादी, कॉटन व लिनेन फैब्रिक सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। पेस्टल शेड में कुर्ता, साड़ी व कॉलरदार पैटर्न में तैयार किए जा रहे हैं।