वकील Vs पुलिस: LG ने कहा- घायल पुलिसवालों को नि:शुल्क चिकित्सा एवं मुआवजा जल्द
मंगलवार शाम बैजल ने अधिवक्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच हुई हालिया घटनाओं की समीक्षा की। विशेष पुलिस आयुक्त ने उन्हें हालिया घटित स्थिति एवं उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा है कि अधिवक्ता और पुलिस दोनों आपराधिक न्याय प्रणाली के महत्वपूर्ण स्तम्भ हैं, जिन्हें परस्पर सद्भाव के साथ काम करना चाहिए। हाल की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनजर दोनों के बीच विश्वास बहाली अति आवश्यक है। इसके साथ ही पूरे मामले में निष्पक्ष न्याय भी सुनिश्चित की जाए।
एलजी ने की हालात की समीक्षा
मंगलवार शाम बैजल ने अधिवक्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच हुई हालिया घटनाओं की समीक्षा की। इस दौरान विशेष पुलिस आयुक्त (इंटेलिजेंस) ने उन्हें हालिया घटित स्थिति एवं उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी। विशेष पुलिस आयुक्त ने यह भी बताया कि इस बाबत एक स्पष्टीकरण आवेदन उच्च न्यायालय में दायर किया गया है।
घायलों को मिले चिकित्सा
उपराज्यपाल ने दिल्ली के मुख्य सचिव को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार घायल अधिवक्ताओं को सर्वोत्तम चिकित्सा मुहैया कराई जाए। उन्होंने पुलिस आयुक्त को भी यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायल पुलिस अधिकारियों को चिकित्सा की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाए।
विश्वास बहाली के लिए करें पहल
उपराज्यपाल ने पुलिस आयुक्त को यह भी सलाह दी कि वरिष्ठ अधिकारी, घायल पुलिस अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने और परिजनों में विश्वास बहाली के लिए उनकी कुशलता की जानकारी खुद जाकर लें। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस के घायल अधिकारियों को उपयुक्त एक्स-ग्रेसिया मुआवजा दी जाए।
नहीं होगा अन्याय
उपराज्यपाल ने सभी सबंधितों से परस्पर सामंजस्य और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सलाह दी कि पुलिसकर्मियों को आश्वस्त करें कि पुलिस बल के किसी भी सदस्य के साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।