Move to Jagran APP

फ्लाईओवरों पर कलाकृतियां देख गदगद हुए एलजी बैजल, बोले- बदलेगी दिल्ली की तस्वीर

उपराज्यपाल अनिल बैजल ने शहादरा केशव चौक स्थित फ्लाइओवर के नीचे के बदहाल स्थान पर किए गए खाली स्थान पर सुंदरीकरण का उद्घाटन किया और यहा की सुविधाओं का जाएजा लिया।

By Edited By: Published: Sat, 12 May 2018 07:34 PM (IST)Updated: Sat, 12 May 2018 07:51 PM (IST)
फ्लाईओवरों पर कलाकृतियां देख गदगद हुए एलजी बैजल, बोले- बदलेगी दिल्ली की तस्वीर
फ्लाईओवरों पर कलाकृतियां देख गदगद हुए एलजी बैजल, बोले- बदलेगी दिल्ली की तस्वीर

नई दिल्ली [जेएनएन]। पूर्वी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र के फ्लाईओवरों की सूरत बदलने लगी है। इनकी दीवारों पर कलाकृतियां उकेरी जा रही हैं और हरियाली पर भी जोर दिया जा रहा है। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने शनिवार को केशव चौक स्थित फ्लाईओवर के नीचे सुंदरीकरण के कार्य का उद्घाटन किया और छटा देखकर खुले मन से तारीफ की।

loksabha election banner

बदलेगी दिल्ली की तस्वीर 

एलजी ने कहा कि इस तरह के प्रयास से दिल्ली की तस्वीर बदलेगी और इस सुंदरता को बरकरार रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। उपराज्यपाल ने हरियाली के लिए निगम और पीडब्ल्यूडी की प्रशंसा की। साथ ही दोनों विभागों को इस तरह के कार्य जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने उम्मीद जताई की भविष्य में भी दोनों विभाग मिलकर अन्य फ्लाईओवरों को संवारने का काम करेंगे।

अवैध कब्जा होने पर होगी कार्रवाई

उपराज्यपाल ने चेतावनी भी दी कि अगर यहां अवैध कब्जा हुआ तो निगम के उपायुक्त और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की जाएगी। उपराज्यपाल के साथ पूर्वी निगम के आयुक्त डॉ. रणबीर सिंह, पीडब्ल्यूडी की प्रमुख सचिव रेणु शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

पांच फ्लाईओवरों को निगम ने लिया है गोद

पूर्वी निगम क्षेत्र में करीब 22 फ्लाईओवर हैं। इनमें पांच को निगम ने सुंदरीकरण के लिए गोद लिया है। केशव चौक के साथ कड़कड़ी मोड़ फ्लाईओवर पर सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। उपराज्यपाल ने दोनों फ्लाईओवरों का जायजा लिया। इसके साथ ही स्वामी दयानंद मार्ग पर किए गए सुंदरीकरण के कार्य को भी देखा। कलाकृतियां, पौधों के साथ हरी घास भी बढ़ा रही शोभा

निगम आयुक्त डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले केशव चौक फ्लाईओवर के नीचे कूड़ा फैला हुआ था, लेकिन निगम व पीडब्ल्यूडी ने मिलकर मात्र 10 महीने में इसकी सूरत बदल दी। आज यहां रंगबिरंगी कलाकृतियां, हरी-भरी घास, कई तरह के फूलों के पौधे और गमले, एलईडी लाइटें आदि लगाए गए हैं।

श्रेष्ठ विहार क्षेत्र में जनसुविधा केंद्र का भी किया उद्घाटन

उपराज्यपाल ने एफ-पॉकेट, जीटीबी एंकलेव, रोड संख्या- 64 पर निगम की मार्केट के पुनर्विकास का भी जायजा लिया। साथ ही श्रेष्ठ विहार क्षेत्र में निगम द्वारा निर्मित जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन किया और करीब 150 दुकानों वाली स्थानीय मार्केट का निरीक्षण भी किया। दौरे के दौरान निगम आयुक्त डॉ. रणबीर सिंह ने उन्हें निगम द्वारा डलावघरों पर बनवाई जा रही पेंटिंग की भी जानकारी दी और मार्केट में बनाए गए महिला शौचालय के बारे में भी बताया। उपराज्यपाल ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निवारण के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: ये है महिला श्रमिकों का हाल, बात सशक्तिकरण की लेकिन सुविधाओं के नाम पर 'ठेंगा'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.