Weather Update & Rain ALERT: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, नोट कर लें दिल्ली में कब-कब होगी बारिश? जानने के लिए पढ़िये IMD की ताजा भविष्यवाणी
Weather Update Rain ALERT भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार से मौसम बदल जाएगा। दिन में बादल छाए रहेंगे तो शाम या फिर रात तक बारिश होने के आसार हैं। बारिश का यह सिलसिला आगामी 20 जून तक जारी रहेगा।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। पिछले एक पखवाड़े के दौरान लगातार भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों को आगामी 24-26 घंटे दौरान राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और देर शाम तक बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इससे गर्मी और उमस दोनों से राहत मिल सकती है।
20 जून तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान
दिल्ली-एनसीआर में प्री-मानसून के दस्तक देने के साथ ही प्रचंड गर्मी लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। इसके तहत बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर के आसमान में सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को देर शाम या रात को हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने के आसार हैं। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।
इसके बाद बृहस्पतिवार को अधिकतम पारा 39 डिग्री तो न्यूनतम पारा 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तो न्यूनतम तापमान और कम होकर 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 से 20 जून के बीच क्षेत्र में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने का अनुमान है। इस अवधि में आंशिक बादल छाने के आसार हैं। अगर बूंदाबांदी हुई तो तापमान लुढकने से गर्मी से थोड़ी राहत भी मिल सकती है। वहीं, इससे पहले बुधवार को दिल्ली से सटे गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से शाम तक उमस और तपिश ने परेशान किया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि इससे हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश होने के आसार हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश होने का अनुमान है। दरअसल, यह प्री-मानसून की बारिश की बारिश होगी, जो आगामी 20 जून तक जारी रहेगी। इसके कुछ दिन बाद ही मानसून भी दस्तक दे सकता है।
ये भी पढ़ें- Delhi Smart Meter Scheme: दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर, अब इस तकनीक से घटा सकेंगे बिजली का बिल