ऑनलाइन होगा लेबर कंस्ट्रक्शन बोर्ड का कामकाज: गोपाल राय
रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से मजदूरोंं को चक्कर लगाने पड़ते थे, इसलिए बोर्ड के कामकाज को कंप्यूटराइज करने का फैसला लिया गया है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली सरकार ने लेबर कंस्ट्रक्शन बोर्ड के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए इसे ऑनलाइन करने का फैसला लिया है। निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों से संबंधित प्रत्येक जानकारी कंप्यूटर में दर्ज की जाएगी। मजदूरों को सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं इसका पूरा ब्योरा होगा। लेबर कंस्ट्रक्शन बोर्ड के कामकाज को व्यवस्थित करने के लिए दिल्ली सरकार ने लेबर डिपार्टमेंट में 11 एमबीए तथा 11 सीए की नियुक्ति की है।
बुधवार को दिल्ली सचिवालय में लेबर कंस्ट्रक्शन बोर्ड के अधिकारियों की बैठक के बाद दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय ने बताया कि अभी तक निर्माण क्षेत्र से जुड़े दिल्ली के मजदूरों का अलग-अलग कार्यालय में पंजीकरण होता है। प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण की प्रक्रिया में परेशानी होती थी। रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से मजदूरोंं को चक्कर लगाने पड़ते थे, इसलिए बोर्ड के कामकाज को कंप्यूटराइज करने का फैसला लिया गया है।
जेएनयू : नजीब की तलाश के लिए रूममेट का हो सकता है लाई डिटेक्टर टेस्ट
अब कार्यालय में लगे कंप्यूटर में मजदूरों की प्रत्येक जानकारी दर्ज होगी। इसे ऑनलाइन देखने की सुविधा होगी। इसके अलावा विभाग द्वारा मजदूरों तथा इनके परिवार के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, इसकी भी जानकारी उपलब्ध होगी। निर्माण क्षेत्र से जुड़े मजदूर अपनी समस्या विभाग के हेल्पलाइन नंबर 155214 पर फोन कर बता सकते हैं। दिल्ली सरकार से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अभी कंस्ट्रक्शन लेबर बोर्ड में कुल 4,11,576 मजदूर पंजीकृत हैं।