दोस्तों को रसगुल्ला न मिला तो शादी के बाद दुल्हन ले जाने से किया इनकार Hapur News
शादी समारोह में उसके दोस्तों की खातिरदारी उसके अनुरूप नहीं किए जाने से नाराज दुल्हे ने दुल्हन को साथ ले जाने से इनकार कर दिया।
हापुड़, जेएनएन। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर कोतवाली क्षेत्र में बुलंदशहर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में उसके दोस्तों की खातिरदारी उसके अनुरूप नहीं किए जाने से नाराज दुल्हे ने दुल्हन को साथ ले जाने से इनकार कर दिया। काफी प्रयासों के बाद जिद पर अड़े दूल्हे और बारातियों को बाद में दुल्हन पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया। बारात को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर दोनों पक्षों के बीच समझौते का सुझाव दिया। इसके बाद समझौते के प्रयास जारी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव दस्तोई निवासी यूसुफ ने अपनी पुत्री का निकाह जनपद मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव पीपली खेड़ा निवासी बाबू के पुत्र के साथ तय किया था। बुधवार को पीपलीखेड़ा से बारात बुलंदशहर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आई थी। बारात के पहुंचते ही दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों का स्वागत कर उन्हें भोजन के लिए आमंत्रित किया। दूसरी ओर निकाह की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा भी अपने दोस्तों के साथ खाना खाने लगा। इस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने केवल उसकी प्लेट में ही दो रसगुल्ले रखे, जबकि उसके साथ खाना खा रहे दोस्तों को रसगुल्ले नहीं परोसे। इस पर दूल्हा नाराज हो गया।
दूल्हे द्वारा नाराजगी जताए जाने पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने अपनी गलती मानते हुए दूल्हे के क्रोध को शांत करने का प्रयास किया। काफी अनुनय-विनय के बावजूद दूल्हा शांत होने के बजाय गाली-गलौज पर उतारू हो गया। इस दौरान दूल्हे ने दुल्हन को अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया। किसी भी प्रकार से दूल्हे का क्रोध शांत नहीं होने पर अंत में दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे समेत बरातियों को बंधक बना लिया। यह सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा कर शांत कराया।
इस दौरान दुल्हन के पिता ने बताया कि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलने से दूल्हा नाराज था। उसने अपनी नाराजगी दूसरे तरह से व्यक्त की। फिलहाल किसी भी पक्ष ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों द्वारा समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप