Railways News: रेलवे अपने लाखों यात्रियों को एक सप्ताह के लिए दे रहा है बड़ा मौका, जानें- क्या करना होगा आपको
Railways News 27 अक्टूबर से अगले महीने 02 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे सतर्कता सप्ताह के दौरान विशेष काउंटर पर भ्रष्टाचार की शिकायत कर सकते हैं। यात्रियों के पास यह सुविधा सिर्फ एक सप्ताह के लिए है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। रेलवे में कहीं भी आपको भ्रष्टाचार दिखे तो आप रेलवे स्टेशनों पर बने विशेष काउंटर पर इसकी शिकायत कर सकते हैं, लेकिन यह सुविधा सिर्फ एक सप्ताह के लिए है। यानी 27 अक्टूबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत यात्री 2 नवंबर तक भ्रष्टाचार अथवा गड़बड़ी की शिकायत कर सकते हैं। दरअसल सतर्कता सप्ताह के दौरान भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए रेल प्रशासन प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर विशेष काउंटर खोल रहा है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारी स्टेशनों का दौरा कर अनियमितताओं की जांच करेंगे और यात्रियों व रेल कर्मियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करेंगे।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने बड़ौदा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में रेल कर्मियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर सतर्कता सप्ताह की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आम जनता को जागरूक करके और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म किया जा सकता है। इस काम में सभी को आगे आना चाहिए। प्रत्येक रेल कर्मचारी को भ्रष्टाटार खत्म करने में अपना योगदान देना चाहिए। यदि कहीं पर किसी तरह की अनियमितता मिले तो इसकी शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों से की जानी चाहिए। भ्रष्टाचार खत्म करके रेल व देश में विकास की गति को तेज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी क्यों जरूरी है और इसका क्या औचित्य है इस बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए सभी सरकारी संस्थाओं में प्रतिवर्ष सतर्कता सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष “सतर्क भारत समृद्ध भारत” थीम के साथ सतर्कता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सतर्क रहकर देश के विकास में हम सभी को भागीदार बनना चाहिए।
27 अक्टूबर से 02 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे सतर्कता सप्ताह के दौरान उत्तर रेलवे में ऑनलाइन सतर्कता सेमिनार, वेंडर्स मीट, वाद-विवाद सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके जरिये रेल कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर अधिकांश कार्यक्रम ऑनलाइन आयोजित होंगे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो