यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानिए कैसे दिल्ली पुलिस को लगा ओल्ड सीमापुरी में बम होने का सुराग, ऐसे हुआ खुलासा
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कई दर्जन संदिग्ध फोन कॉल इंटरसेप्ट किये थे जिसके आधार पर इस घर का ...और पढ़ें

नई दिल्ली [राकेश कुुमार सिंह]। ओल्ड सीमापुरी के जिस बंद घर के अंदर स्पेशल सेल को बैग में बम मिला है। उस घर में रहने वाले संदिग्धों के तार गाजीपुर फूल मंडी के गेट नंबर एक के बाहर आरडीएक्स रखने वालों से जुड़े होने की बात बताई जा रही है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। सूत्रों की मानें तो गाजीपुर मामले की तफ्तीश में ही सेल को सीमापुरी वाले ठिकानें के बारे में जानकारी मिली थी, तभी सेल की टीम ने जब बृहस्पतिवार शाम घर पर छापा मारा तब अलर्ट संदिग्ध मौके से फरार हो गए। दो तीन संदिग्धों ने उस घर को कुछ समय पहले ही किराए पर लिया था।
सेल की टीम मकान मालिक आसिम से पूछताछ कर संदिग्धों के बारे में जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। आसिम ठेकेदार बताया जा रहा है। उसके पिता की मौत हो गई है। आसिम ने संदिग्धों को घर किराए पर दिया था। बताया जा रहा है कि अमन कमेटी के लोगों से कुछ सुराग मिला था। उसके बाद उक्त इनपुट को विकसित किया गया।
स्पेशल सेल ने कई दर्जन संदिग्ध फोन कॉल इंटरसेप्ट किये थे जिसके आधार पर इस घर का पता चला था। संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। उनकी तस्वीरें भी स्पेशल सेल के हाथ लग गई है। वे कहां के रहने वाले इसकी भी जानकारी मिल गई है। सेल को शक है कि संदिग्ध किसी आतंकी संगठन के स्लीपर सेल हो सकते हैं।
बम मिलने के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। आनंद विहार बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता बढ़ा गई है। आरोपित सुरक्षा एजेंसियों को कैसे चकमा दे पाए बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है।
