यहां जानिए कोरोना वायरस से बचने के उपाय, दिल्ली में मिल चुका है पहला मरीज
कोरोन वायरस आज दुनिया में हर जगह तबाही मचा रहा है। कई लोग मारे जा रहे हैं। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कि इस गंभीर बीमारी से बचने के लिए क्या-क्या उपाय करने होंगे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कारोना वायरस से दुनिया के कई देशों में तबाही मची हुई है। ऐसे में हर कोई इस कोरोना वायरस से सावधानी बरतने के उपाय खोज रहा है। इधर, दिल्ली में कोरोना के मरीज के मिलने से यहां सनसनी मच गई है। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कि इस गंभीर बीमारी से बचने के लिए क्या-क्या उपाय करने होंगे। कोरोना वायरस को लेकर विश्व स्तर पर कई निर्देश पहले ही जारी हो चुके हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार अगर आप कुछ बचाव के टिप्स अपनाएंगे तो काफी हद तक इस बीमारी के प्रकोप से बचे रह सकते हैं।
कहां से फैली है बीमारी
दुनिया के कई देशों में फैलने वाली बीमारी सबसे पहले चीन में पाई गई। यहीं से यह बीमारी ने पूरे विश्व में अपना फैलाव शुरू किया। इसके बाद धीरे-धीरे दुनिया के कई देशों में यह पहुंच गई। इसी कड़ी में यह भारत में सोमवार को पहुंची है। दिल्ली में इस घातक कोरोना वायरस से पीड़ित पहला मरीज मिला है। मिली जानकारी के अनुसार यह शख्स इटली से लौटा है। वहीं तेलंगाना में भी एक और शख्स की बीमारी से पीड़ित होने की बात समाने आई है। इस बीमारी को दुनिया में सबसे ज्यादा घातक इसलिए बताया जा रहा है क्योंकि इससे मरने वालों की संख्या अब तक 3000 से ज्यादा है।
यह है हिदायत जो विश्व स्वास्थ्य संगठन ने लोगों के लिए जारी की है-
- अपनी और परिवार की इम्युनिटी को बरकार रखें। ऐसी चीजों को खान पान का हिस्सा बनाएं जिससे इसे बढ़ाया जा सके।
- दिन में कई बार साबुन से अपने हाथ को धोएं और सूखे कपड़े से हाथ को अच्छी तरह पोछें।
- गंदे हाथों से अपने आंख और नाक और मुंह को नहीं छुएं।
- अगर कोई संक्रमित है तो उससे दूर रहें।
- मांस खाने वाले कच्चा मांस से परहेज करें, हालांकि पके हुए मांस से भी कुछ दिन दूरी रख सकते हैं।
- बुखार और खांसी हो तो यात्रा ना करें।
- छींकने और खांसते समय मुंह ढंक कर रखें।
- बाहर निकलने समय या अस्पताल जाते समय मास्क लगा कर रखें।
- नियमित रूप से साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- बुखार और जुकाम के लक्षण होते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।