Coronavirus Outbreak: JNU ने लॉन्च किया कोविद-19 पोर्टल, मिलेगी कोरोना से जुड़ी जानकारी
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू ) ने बुधवार को कोविद-19 पोर्टल को लॉन्च कर दिया है। इस पोर्टल में इस महामारी से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी मिलेगी।
नई दिल्ली (राहुल मानव)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू ) ने बुधवार को कोविद-19 पोर्टल को लॉन्च कर दिया है। इस पोर्टल में इस महामारी से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी मिलेगी। केंद्र सरकार के दिशा निर्देश, जेएनयू की तरफ से इस मामले से निपटने से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी। इस पोर्टल - http://jnu.ac.in/covid19 पर जाकर सभी लोग जानकारी ले सकते हैं। इस पोर्टल में लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाने के बाद जिन भी क्षेत्रों में छूट दी गई है और जो भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं इसकी जानकारी इस वेबसाइट में मिलेगी।
यहां मिलेगी शोध की जानकारी
इसके साथ ही जेएनयू प्रशासन के अनुसार इस वेबसाइट में कोविद-19 को लेकर भारत में हो रहे शोध की भी जानकारी साझा की जाएगी। वहीं, जेएनयू ने 3 मई तक विश्वविद्यालय को बंद रखने का नोटिस भी जारी कर दिया है।
इस कारण बना कोविड-19 पोर्टल
जेएनयू के कुलपति प्रो एम जगदीश कुमार ने कहा कि यह महामारी हम सभी के लिए बहुत चिंता की बात है। राष्ट्र के प्रति जेएनयू की प्रतिबद्धता को देखते हुए हमने कोविद-19 पोर्टल को शुरू किया है। इस महामारी को रोकने के लिए जेएनयू एवं दूसरे सार्वजनिक शिक्षण संस्थानों द्वारा जो भी शोध कार्य किए जा रहे होंगे। उनकों भी इस पोर्टल में साझा किया जाएगा।
टास्क फोर्स का हुआ गठन
जेएनयू ने कोविद-19 टास्क फोर्स का भी गठन कर दिया है। इस टास्क फोर्स की कमान जेएनयू के प्रो पवन धर संभालेंगे। वहीं इसके कॉर्डिनेटर प्रो शानदार अहमद हैं। इस टास्क फोर्स की तरफ से देश की राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ काम करने के संभावित तरीकों पर ध्यान दिया जाएगा। ताकि जन कल्याण के लिए जेएनयू संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा है कि हमारे संस्थान ने जेएनयू के स्टाफ, शिक्षकों व छात्रों के लिए कई स्वास्थ्य से जुड़े कदम उठाएं हैं और उनके बारे में भी लगातार इज सभी को जानकारी भी दी जा रही है। टास्क फोर्स के सहयोग से हम कोविद-19 पोर्टल में इसे जुड़ी सभी प्रकार की सत्यापित जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी।
कोविद-19 पर जेएनयू भी कर रहा है शोध -
प्रो एम जगदीश कुमार ने बताया कि कोविद-19 महामारी के संबंध में जेएनयू के शोधकर्ता इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च और एम्स के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इम्यूनोलॉजी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें आयुर्वेद बायोलॉजी के जरिये इसकी दवा पर शोध किया जा रहा है।