इंदिरा नोटबंदी जैसा तुगलकी निर्णय कभी नहीं लेतीं : जयराम
पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर रमेश ने कहा कि यह बात सही है कि इंदिरा गांधी के शासनकाल के 30 साल बाद मोदी जी को स्पष्ट बहुमत मिला है। उनका भारतीय जनता पार्टी पर पूरा नियंत्रण भी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बीच कोई तुलना नहीं हो सकती है। आज अगर इंदिरा जीवित होतीं तो वह नोटबंदी जैसा तुगलकी निर्णय कभी नहीं लेतीं। यह टिप्पणी कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने की। वह इंदिरा गांधी पर लिखी अपनी पुस्तक 'इंदिरा गांधी-ए लाइफ इन नेचर' के हिंदी संस्करण के सोनिया गांधी द्वारा विमोचन के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। हिंदी संस्करण 'इंदिरा गांधी-प्रकृति में एक जीवन' शीर्षक से प्रकाशित हुआ है। 362 पृष्ठों की इस पुस्तक का प्रकाशन 'ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस' ने किया है।
पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर रमेश ने कहा कि यह बात सही है कि इंदिरा गांधी के शासनकाल के 30 साल बाद मोदी जी को स्पष्ट बहुमत मिला है। उनका भारतीय जनता पार्टी पर पूरा नियंत्रण भी है लेकिन उनकी तुलना इंदिरा गांधी से नहीं की जा सकती है। वह कभी नोटबंदी जैसा तुगलकी निर्णय नहीं करतीं।
पूर्व पर्यावरण मंत्री ने कहा, '2014 में सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने देश के पर्यावरण संरक्षण नियमों को बदलने के साथ ही कमजोर किया है। उन्होंने पर्यावरण मंत्रालय को भी कमजोर किया है।'