जागरण फोरम : दिल्ली वालों के दिल में खास जगह बना गया जागरण फोरम
जागरण की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित दो दिवसीय जागरण फोरम में जहां सियासत के तीर चले, वहीं खेल और महिला सुरक्षा पर भी गंभीर विमर्श हुआ।
नई दिल्ली, जेएनएन। जागरण की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित दो दिवसीय जागरण फोरम में जहां सियासत के तीर चले, वहीं खेल और महिला सुरक्षा पर भी गंभीर विमर्श हुआ। समलैंगिक समुदाय से लेकर सोशल मीडिया, क्षेत्रीय सियासत के साथ न्यायपालिका के भीतर का विवाद, करीब-करीब हर आयाम पर विमर्श की लंबी कड़ी चली। इन दो दिनों में राजनीति, न्यायालय, फिल्म, खेल, सोशल मीडिया व अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग मंच पर थे। इन्हें सुनने के लिए दिल्ली के खास लोग वहां मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आयोजन अविस्मरणीय रहा। दैनिक जागरण जिस प्रकार से जिम्मेदारीपूर्वक पत्रकारिता करता है, वह फोरम के मंच पर भी दिखी। काफी स्वस्थ माहौल में चर्चा हुई। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इस मंच से देश को लेकर विस्तृत विजन रखा, जो राष्ट्रीय सियासत की भावी दशा तय करेंगे।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। यह देश की दशा और दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि उनके लिए दैनिक जागरण के खास मायने हैं। फोरम में भविष्य के भारत पर गंभीरतापूर्वक विमर्श हुआ। लोकसभा सदस्य डॉ. उदित राज ने कहा कि दो दिवसीय फोरम में काफी उपयोगी चर्चा हुई। सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि इसमें गांव, गरीब से लेकर अंतरराष्ट्रीय संबंध भी समाहित था।
दिल्ली कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि महिला से लेकर आम आदमी के दर्द को जिस प्रकार से मंच पर उठाया गया, वह विशेष था। दिल्ली कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि आए हुए श्रोता भी खास थे।
दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री हारुन यूसुफ ने कहा कि वक्ता एक से बढ़कर एक थे, जिन्हें सुनना अच्छा लगा। दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री एके वालिया ने कहा कि इस मंच से सबकी आवाज उठी। सीलमपुर के विधायक हाजी इशराक ने कहा कि विमर्श बहुत जरूरी है। साथ बैठे लोग तो हर समस्या का समाधान हो सकता है। इस मामले में फोरम पूरी तरह से सफल रहा।
आंबेडकर नगर के विधायक अजय दत्त ने जागरण के इस प्रयास की सराहना की है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर आदेश गुप्ता ने कहा कि यह एक अच्छा माध्यम है कि राष्ट्रीय मुद्दों पर जागरण फोरम के जरिये चर्चा की गई। भाजपा के मीडिया संपर्क विभाग के सह संयोजक अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि यह फोरम काफी उपयोगी रहा। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि दैनिक जागरण निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है।
युवा नेता सौरभ उनियाल ने कहा कि जागरण फोरम में जन प्रतिनिधियों से सवाल-जवाब के जरिये लोगों सीधा संवाद हुआ है। युवा समाजसेवी इकरा कुरैशी ने कहा कि इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। इसमें जनप्रतिनिधियों के विचारों को प्रत्यक्ष सुनने का मौका मिला है। मोरी गेट के कारोबारी नेता निरंजन पोद्दार, कश्मीरी गेट के कारोबारी नेता विष्णु भार्गव व विनय नारंग समेत अन्य दर्शकों ने भी फोरम की सराहना की।