International Museum Day 2022: देशभर के लोगों को ASI का तोहफा, आज म्यूजियम में नहीं लगेगा टिकट; मुफ्त में करें दीदार
International Museum Day 2022 लोगों को संग्रहालय और धरोहरों के प्रति जागरूक करने के लिए अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाया जाता है। यह पहली बार 18 मई 1983 को मनाया गया था। यहां बता दें कि स्मारकों में जाने का टिकट लगेगा।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के मौके पर बुधवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित स्मारकों में स्थित संग्रहालय में नि:शुल्क प्रवेश मिलेगा। जिसको लेकर सूचना जारी कर दी गई है।
वहीं पुराना किला स्थित संग्रहालय में आपदा प्रबंधन और जिम्मेदारी के संबंध में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन होगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण दिल्ली मंडल की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां बता दें कि स्मारकों में जाने का टिकट लगेगा, जबकि संग्रहालयों में ही प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
क्यों मनाते हैं अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पहली बार 18 मई, 1983 को मनाया गया था। इसे मनाने का उद्देश्य लोगों को संग्रहालय और धरोहरों के प्रति जागरूक करना है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने 18 मई, 1983 को संग्रहालय के महत्व को समझते हुए एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें हर साल अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाने की बात कही गई थी। इसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय परिषद करती है। देश में इंडियन म्यूजियम, कोलकाता की गिनती सबसे पुराने संग्रहालयों में होती है। इसकी स्थापना वर्ष 1814 में हुई थी। म्यूजियम वीक के चलते राष्ट्रीय संग्रहालय 18, 19 और 20 मई को सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा।
नेशनल म्यूजियम, नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में स्थित भारत का राष्ट्रीय संग्रहालय देश के सबसे बड़े संग्रहालयों में से एक है। संग्रहालय पांच हजार साल पहले की प्राचीन वस्तुओं का घर है। दिल्ली एयरपोर्ट से नेशनल म्यूजियम की दूरी करीब 15.7 किलोमीटर है। शहर के बीचो-बीच स्थित यह म्यूजियम भारत की विविधकलाओं को दर्शाता है। खासकर, जिन लोगों की दिलचस्पी भारतीय सभ्यता के बारे में जानने में है उन्हें यहां एक बार जरूर आना चाहिए।