गैंगस्टर नीरज बवाना गैंग का कुख्यात सोनू जाट गिरफ्तार, एक लाख रूपये रखा गया था इनाम
दिल्ली पुलिस ने नीरज बवाना गैंग के सदस्य सोनू जाट को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। सोनू जाट पर एक लाख रूपये का इनाम रखा गया था।
नई दिल्ली, जेएनएन/एएनआइ। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नीरज बवाना गैंग के सदस्य सोनू जाट को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। सोनू जाट पर एक लाख रूपये का इनाम रखा गया था। ये गिरफ्तारी कहां की गई इसकी अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
सोनू जाट पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस सोनू से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उधर, बंदूक के बल पर लूटपाट करने की योजना बना रहे कुख्यात मुहम्मद रेहान उर्फ शमीम को शुक्रवार देर रात खेलगांव आवासीय परिसर, अक्षरधाम के पास गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेहान दिल्ली में फिर से बंदूक की नोक पर लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है, लिहाजा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम को उसे गिरफ्तार करने के लिए भेजा गया।
जब टीम ने उसे समर्पण करने को कहा, तो उसने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जब जवाबी गोलीबारी में रेहान के पैर में गोली लगने से वह भाग नहीं सका और गिरफ्तार कर लिया गया। इलाज के लिए उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से शनिवार सुबह उसे हवालात पहुंचा दिया गया।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि रेहान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है और फिलहाल सुभाष विहार, भजनपुरा में रह रहा था। 15 दिन पहले स्पेशल सेल की टीम ने रेहान गिरोह के कुख्यात बदमाश मुहम्मद मुजीब को गिरफ्तार किया था। वह दिल्ली में गन प्वाइंट पर 8 लूटपाट की वारदातों में शामिल था। उसी ने पूछताछ में पता चला कि रेहान व उसके साथी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। उसके बाद सेल ने रेहान की तलाश शुरू कर दी थी।
पिछले साल रेहान ने गिरोह के चार अन्य बदमाशों मुहम्मद ताज, सवेज, दाऊद व फैजल के साथ मिलकर गांधी नगर के एक कपड़ा व्यापारी से से बंदूक के बल पर 8.9 लाख रुपये लूटे थे। रेहान हाल ही में इस मामले में जमानत मिली थी और बाहर निकलते ही उसने फिर से लूटपाट की वारदात करना शुरू कर दी।
दिल्ली-NCR से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण व ताजा खबरों के लिए यहां करें क्लिक