यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पर लगा ब्रेक, चक्रवात Asani ने लाखों लोगों को दी बड़ी राहत
Weather Update मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में बुधवार को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन बृहस्पतिवार से तापमान ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। लू चलने के पूर्वानुमान और तापमान में वृद्धि की संभावनाओं के बीच दिल्ली में बढ़ती गर्मी पर कुछ समय के लिए ब्रेक लग गया है। वजह, असानी चक्रवात। इस चक्रवात के कारण नमी भरी पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इन्हीं हवाओं ने तापमान को बढ़ने से रोक रखा है। इन हवाओं की वजह से दो दिनों से तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इन हवाओं का असर मंगलवार को भी बना रहेगा।गौरतलब है कि मौसम विभाग ने दो दिन पहले ही भीषण लू चलने की संभावना व्यक्त की थी। लेकिन असानी की वजह से पूर्वी हवाओं ने गर्मी को बढ़ने से रोक दिया। सोमवार को तापमान सामान्य से महज एक डिग्री अधिक 40 डिग्री दर्ज हुआ तो मंगलवार को यह सामान्य स्तर पर आ गया।
अलबत्ता न्यूनतम तापमान में उछाल आना शुरू हो गया है। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 64 से 38 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब बृहस्पतिवार से तापमान में इजाफा होगा। दिन भर तेज धूप निकलने के चलते लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। बुधवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। 15 मई यानी रविवार तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पूर्वी हवाओं के असर से हवा की गुणवत्ता में सुधार बरकरार
हवा की दिशा में बदलाव के चलते मंगलवार को भी दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण से राहत बरकरार रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 160 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। सोमवार को यह 171 के अंक पर था। यानी चौबीस घंटे के भीतर इसमें 11 अंकों का और सुधार हुआ है। एनसीआर में यह सुधार बना रहा। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 155, गाजियाबाद का 199, ग्रेटर नोएडा का 142, गुरुग्राम का 147 और नोएडा का 146 दर्ज किया गया। सफर का अनुमान है कि अभी एक दो दिन और एयर इंडेक्स मध्यम या खराब श्रेणी के शुरुआती स्तर पर ही रहेगा।
