NCR में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस समारोह, राजपथ पर नहीं दिखी दिल्ली की झांकी
दिल्ली सरकार ने रक्षा मंत्रालय को झांकी का प्रपोजल भेजने में विलंब किया था।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का ओहदा हासिल करने वाले समूचे हिंदुस्तान 26 जनवरी को अपना 69वां गणतंत्र दिवस मनाया। आयोजन के तहत दिल्ली के राजपथ पर सुबह राष्ट्रपति द्वारा तिरंगा फहराने के बाद परेड शुरू हुई।
राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान दर्शक दीर्घा में कई वीवीआईपी नज़र आए। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, एच. डी. देवगौड़ा, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी आदि भी दिखे।
राजपथ पर देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियों का प्रदर्शन, इनमें रामायण की झांकी भी दिखी।
वहीं, राजपथ पर शिवाजी का पराक्रम भी दिखा, महाराष्ट्र की झांकी में शिवाजी नजर आए।
वहीं, कोहरे के बीच दिल्ली एनसीआर स्थित सरकारी एवं गैर सरकारी प्रतिष्ठानों, स्कूलों एवं सामाजिक संस्थाओं ने 69वां गणतंत्र दिवस मनाया। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को बधाई दी है।
इस पावन अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्लीवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों को शत शत नमन।सशक्त लोकतंत्र के लिए समाज की भागीदारी ज़रूरी है।
69वें गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार का सांस्कृतिक झांकी नहीं दिखी। दरअसल, दिल्ली सरकार ने रक्षा मंत्रालय को झांकी का प्रपोजल भेजने में विलंब किया था। इसके चलते उनकी झांकी को शामिल नहीं किया गया।
नोएडा सेक्टर 6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ आलोक टंडन ने ध्वजारोहण किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित समारोह हरियाणा प्रदेश की झांकी निकाली गई।
वहीं, रेवाड़ी में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह यहां के राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित किया गया जहां कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने तिरंगा फहराया। पढ़ी-लिखी पंचायतों सहित राज्य सरकार की कई उपलब्धियां सामने रखीं। मोदी सरकार की सामरिक शक्ति को विस्तार से बताया।