पाकिस्तान से आ रही गर्म हवा ने बढ़ाया दिल्ली-NCR का तापमान, टूटा 7 साल का रिकॉर्ड
दो दिनों तक कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद उत्तरी हवा चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में गर्मी शुरू हो चुकी है। पिछले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली के तापमान में काफी उछाल आया है। आमतौर पर इस तरह की गर्मी मार्च के अंतिम दिनों में देखने को नहीं मिलती है। राजधानी में मंगलवार को गर्मी के तेवर खासे तल्ख दिखे। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक (37.4) दर्ज किया गया। इतना ही नहीं इस बार का 27 मार्च पिछले सात साल में सबसे ज्यादा गर्म रहा। दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक (17.3) था। नमी का स्तर अधिकतम 71 और न्यूनतम 16 फीसद दर्ज किया गया। सबसे गर्म रिज क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस था।
स्काईमेट वेदर के अनुसार मध्य पाकिस्तान और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवा के कारण तापमान बढ़ रहा है। अभी दो दिनों तक कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद उत्तरी हवा चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार देश भर में तापमान काफी ज्यादा रहने की संभावना है लेकिन दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में औसत तापमान समान्य से 1.5 डिग्री से भी ज्यादा रह सकता है। जिसका नुकसान किसानों की फसल व लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।
मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने बताया कि अगले तीन महीनों में उत्तर भारत मेें भीषण गर्मी पड़ने वाली है। औसत तापमान में सबसे ज्यादा वृद्धि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। यहां पर औसत तापमान में समान्य से 2.3 डिग्री की बढ़ोत्तरी होगी। इस बार गर्मी के जल्दी दस्तक देने की वजह से लू चलना भी जल्दी शुरू हो जाएगी।