दहेज प्रताड़ना के मुकदमे से परेशान जीजा ने साले को मारी गोली, फिर कर ली आत्महत्या
दहेज प्रताड़ना के मुकदमे से नाराज जीजा ने साले को घर में घुसकर गोली। इसके बाद जीजा मौके से भाग गया और नया बस स्टैंड के पास एकांत जगह पर खुद को भी गोली मार आत्महत्या कर ली।
गाजियाबाद (जेएनएन)। दहेज प्रताड़ना के मुकदमे से नाराज जीजा ने अपने साले को घर में घुसकर गोली मार दी। इसके बाद जीजा मौके से भाग गया और नया बस स्टैंड के पास एक एकांत जगह पर खुद को भी गोली मार आत्महत्या कर ली। गोली लगने से घायल साले को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हापुड़ निवासी चंद्रभान के बेटे सौरभ (17) की बुआ विजयनगर थाना क्षेत्र की गौपुरी गली में रहती हैं। सौरभ और उसकी बहन सोनिया बचपन से ही बुआ के घर पर रहते रहे हैं। सोनिया की शादी पिलखुवा निवासी सुंदर लाल के पुत्र पवन से इसी वर्ष फरवरी में हुई थी। पवन अपनी पत्नी सोनिया के साथ अक्सर मारपीट करता था। इस पर विवाहिता के परिवारवालों ने उसके खिलाफ महिला थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा दिया था। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी तक पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
शुक्रवार को कोर्ट में तारीख थी
धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि रक्षाबंधन के बाद से सोनिया अपनी बुआ के घर विजयनगर में ही रह रही थी। शुक्रवार को दहेज प्रताड़ना मामले की तारीख थी। घायल के परिजनों ने बताया कि पहले तो पवन ने फोन पर धमकी दी। फिर बृहस्पतिवार शाम पांच बजे के आसपास घर आया और घर में घुसकर साले सौरभ पर तीन गोली चलाई। इसके बाद पवन अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। घटना के बाद शोर शराबा सुन इलाके के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने सौरभ को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उसी पिस्टल से गोली मार की खुदकुशी
साले को गोली मारकर भागा पवन, नया बस अड्डे के पीछे साईं उपवन के पास पहुंचा और .32 बोर की पिस्टल कनपटी पर सटाकर खुद को गोली मार दी। इसी पिस्टल से उसने सौरभ पर भी फायरिंग की थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।
नाराजगी के कई कारण थे
बताया जा रहा है कि पवन अपनी पत्नी सोनिया का बुआ के घर जाना पसंद नहीं करता था। इसे लेकर भी दोनों में कई बार विवाद हो चुका था। रक्षाबंधन के दिन, सोनिया जब मायके जाने की जिद कर रही थी। तब भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस और भी पारिवारिक विवादों की परतें खोलने में लगी हैं। पुलिस दहेज प्रताड़ना के केस को लेकर भी जांच कर रही है।