Move to Jagran APP

जरा सी बारिश ने कर दिया दिल्ली-NCR का बुरा हाल, डीएनडी पर लगा 5 km लंबा जाम

बुधवार बारिश के बाद दिल्ली में ही नहीं बल्कि गुरुग्राम गाजियाबाद नोएडा और फरीदाबाद में भी सड़कों पर हुए जलभराव से नालों की सफाई के दावे भी खोखले साबित हुए। लोग दिनभर परेशान रहे।

By JP YadavEdited By: Published: Thu, 18 Jul 2019 08:05 AM (IST)Updated: Thu, 18 Jul 2019 08:05 AM (IST)
जरा सी बारिश ने कर दिया दिल्ली-NCR का बुरा हाल, डीएनडी पर लगा 5 km लंबा जाम
जरा सी बारिश ने कर दिया दिल्ली-NCR का बुरा हाल, डीएनडी पर लगा 5 km लंबा जाम

नई दिल्ली, जेएनएन। सावन के शुरू होने का अहसास तो बदरा के मेहरबान होने के साथ ही हो गया, लेकिन राजधानी में जाम में हजारों वाहन चालकों को फंसना पड़ा। बुधवार सुबह व्यस्त समय में बारिश की वजह से वाहनों की रफ्तार कम हो गई। इससे कई मुख्य मार्गो पर हालत यह रही कि दो-तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में आधे से एक घंटे तक का समय लग गया। कई जगह तो पांच किलोमीटर से भी अधिक लंबा जाम लगा। सबसे खराब हालत दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में रही। आइटीओ और प्रगति मैदान के पास भी वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा।

loksabha election banner

सुबह से दोपहर तक सराय कालेखां से अक्षरधाम तक भी जाम लगा रहा। सड़क किनारे जलभराव व फ्लाईओवर के नीचे दोपहिया वाहन चालकों के रुकने से ऐसा हुआ। अक्षरधाम से सराय कालेखां तक जो दूरी पांच से सात मिनट में पूरी होती थी, उसे तय करने में लोगों को पौन घंटे तक का समय लगा।

पूर्वी दिल्ली में बारिश के बाद सड़कों पर हुए जलभराव से नालों की सफाई के दावे भी खोखले साबित नजर आए। यमुनापार के अधिकांश इलाकों में जलभराव हुआ। विकास मार्ग, सीलमपुर, करावल नगर, त्रिलोकपुरी, मुकुंद विहार, मीत नगर, वजीराबाद रोड आदि मार्गो पर लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ा। उत्तरी बाहरी दिल्ली इलाके के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव ने स्थिति और विकराल कर दी। आउटर रिंग रोड पर कई जगह जाम लगने के कारण वाहन चालक रास्ता बदलने को भी मजबूर हुए। मधुबन चौक, जहांगीरपुरी, सुल्तानपुरी, बुराड़ी, किराड़ी समेत रोहिणी के कई इलाकों में लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।

डीएनडी पर रहा सबसे बुरा हाल

डीएनडी से आश्रम की तरफ आने वाले मार्ग पर बुधवार सुबह बारिश के चलते पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोपहर तक लगे जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डीएनडी से आश्रम चौक तक पहुंचने में वाहन चालकों को एक घंटे या उससे भी ज्यादा का समय लगा। जाम में कभी धीमी तो कभी थोड़ी तेज गति से चलने के कारण छह कारें महारानी बाग बस स्टैंड के पास टकरा गईं। इसके चलते कारों में सवार लोग मामूली रूप से चोटिल हुए। मोदी मिल फ्लाईओवर से नेहरू प्लेस की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी जाम के कारण लोग परेशान हुए। सड़क किनारे जलभराव व फ्लाईओवर के नीचे दोपहिया वाहनों के रुकने से सुबह आठ बजे से ही डीएनडी से आश्रम की तरफ आने वाले मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई थी। आश्रम चौक से शुरू हुआ जाम कुछ ही मिनट में डीएनडी टोल प्लाजा तक पहुंच गया। सुबह से ही जाम लगने के कारण ऑफिस जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। दोपहर करीब एक बजे तक करीब पांच घंटे मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।

डीएनडी की वजह से बारापुला फ्लाइओवर पर भी लगा जबरदस्त जाम

डीएनडी से आश्रम मार्ग पर जाम होने के चलते काफी संख्या में वाहन बारापुला की तरफ जाने वाले मार्ग पर मुड़ गए। ऐसे में नोएडा से डीएनडी होते हुए बारापुला की तरफ जाने वाला ट्रैफिक व आश्रम से सराय कालेखां की तरफ जाने वाला ट्रैफिक बारापुला फ्लाईओवर के शुरू होने वाले प्वाइंट पर मिला तो जबरदस्त जाम लग गया। बारापुला पर भी लोग सुबह से लेकर दोपहर तक परेशान हुए।

नैफेड फ्लाईओवर से पहले बनी रेड लाइट बन रही जाम का कारण

जर्जर हो चुके महारानी बाग फुट ओवरब्रिज को तोड़े जाने के बाद से पैदल यात्रियों के निकलने के कारण नैफेड फ्लाईओवर से पहले रेडलाइट लगाई गई है। थोड़ी अवधि की रेड लाइट होने के कारण लोग यहां रुकते नहीं हैं और आश्रम चौक की तरफ आने वाले वाहनों के लिए ग्रीन सिग्नल होने के बाद भी सड़क पार करते रहते हैं। इसके चलते भी डीएनडी से आश्रम मार्ग पर अक्सर जाम लगता है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें और महत्वपूर्ण स्टोरीज को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.