होटल मालिक के श्वान ने महिला को काटा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस के मुताबिक जेडब्ल्यू मैरियट होटल निवासी महिला अदिति गांधी 22 फरवरी की रात अपने श्वान को एयरोसिटी इलाके में घुमा रही थीं। वहीं एक अन्य शख्श भी अपने श्वान के साथ वहां टहल रहा था। उसने श्वान के गले में पट्टा नहीं डाल रखा था।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। आइजीआइ एयरपोर्ट स्थित एयरोसिटी एरिया में होटल मालिक की लापरवाही से उसके श्वान ने एक महिला को काट कर बुरी तरह घायल कर दिया। मालिक ने अपने श्वान को पट्टा नहीं पहनाया हुआ था। जब पीड़िता इस बात पर टोका तो श्वान के मालिक ने महिला के साथ गाली-गलौच भी की। इस मामले में आइजीआइ एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित नीरज सहरावत को गिरफ्तार कर लिया है। बाद में आरोपित को जमानत दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक जेडब्ल्यू मैरियट होटल निवासी महिला अदिति गांधी 22 फरवरी की रात अपने श्वान को एयरोसिटी इलाके में घुमा रही थीं। वहीं एक अन्य शख्श भी अपने श्वान के साथ वहां टहल रहा था। उसने श्वान के गले में पट्टा नहीं डाल रखा था। इसी दौरान रात करीब साढ़े सात बजे पिटबुल प्रजाति के श्वान ने उनके श्वान पर हमला कर दिया। उसे बचाने के दौरान उसने अदिति गांधी को काट बुरी तरह घायल कर दिया।
घटना के बाद महिला ने श्वान के मालिक को उसे पट्टा नहीं पहनाए जाने की बात कहीं। दरअसल पिटबुल प्रजाति को खतरनाक प्रजाति का श्वान माना जाता है। कई देशों में इसके पालने पर प्रतिबंध है। उधर श्वान के मालिक ने बजाए घटना पर दुख जताने के वह उल्टा महिला को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा।
इसके बाद में वह श्वान के साथ वहां से चला गया। वहीं, पीड़िता के पति ने घटना की सूचना एयरपोर्ट पुलिस को दी। पुलिस ने घायल महिला को सफदरजंग अस्पताल में ले जाकर इलाजा कराया। वहीं, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर श्वान के मालिक नीरज सहरावत को गिरफ्तार कर लिया। वह महिपालपुर में एक होटल चलाता है।