दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही कंधार जा रहा विमान 'हाईजैक', सूचना से फैली सनसनी
दिल्ली हवाईअड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हाइजैक बटन दबने के बाद विमान की गहन जांच की गई। यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब विमान के पायलट ने गलती से 'हाइजैक बटन' दबा दिया। यह घटना उस वक्त हुई जब एक विमान (दिल्ली-कंधार एफजी 312) दिल्ली से कंधार जाने के लिए तैयार था। 'हाइजैक बटन' दबने के बाद सुरक्षा में लगे कर्मचारी हरकत में आ गए। इस बटन के दबते ही सिग्नल चले जाते हैं।
विमान की गहन जांच की गई
दिल्ली हवाईअड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि 'हाइजैक बटन' दबने के बाद विमान की गहन जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक एरियाना अफगान एयरलाइंस का विमान लगभग दो घंटे बाद उस वक्त उड़ान भर सका जब सुरक्षा जांच के बाद पूरी स्थिति का आकलन कर लिया गया। 'हाइजैक बटन' दबने की वजह से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विमान को घेरे में लिया
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कंधार जाने वाली एक फ्लाइट में पायलट ने गलती से 'हाइजैक बटन' दबा दिया था। 'हाइजैक बटन' दबने के बाद एनएसजी कमांडो और सुरक्षा में तैनात अन्य टीमों ने विमान को घेरे में लिया। यह स्थिति तब तक बनी रही जब तक हालात सामान्य नहीं हो गए।