इस सप्ताह दिल्ली में भारी बारिश की संभावना, अफसरों की आपात बैठक आज
दिल्ली में बाढ़ की आशंका को देखते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। अगले तीन से पांच दिनों में दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है। इससे यमुना में जलस्तर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर सोमवार देर शाम दिल्ली के मुख्य सचिव डॉ. एमएम कुट्टी ने दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अफसरों की आपात बैठक बुलाई।
वहीं, बाढ़ की आशंका को देखते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कंट्रोल रूम को चौकस किया गया। यमुना खादर में झुग्गीवासियों व किसानों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यमुना खादर में रहने वालों को तुरंत सूचित किया जाए कि दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है। इससे निपटने के लिए ये लोग तैयार रहें। सिविल डिफेंस सहित विभिन्न विभाग के कर्मचारियों को आपदा से बचाव के लिए तैयार रहने को कहा गया।
पूर्वी दिल्ली के जिला अधिकारी को नाव व अन्य संसाधनों को जुटाने को कहा गया है। हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रलय ने सोमवार शाम एक एडवाइजरी जारी की है।