हरियाणा STF को मिली बड़ी कामयाबी, कई राज्यों के लिए सिरदर्द बना गैंगस्टर संपत गिरफ्तार
यह कुख्यात बदमाश हरियाणा के साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़ सहित कई राज्य की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। इसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे कुख्यात सदस्य बताया जाता है।
गुरुग्राम (जेएनएन)। दिल्ली और हरियाणा समेत तकरीबन आधा दर्जन राज्यों में पुलिस के लिए सिरदर्द बना कुख्यात गैंगस्टर संपत नेहरा आखिरकार हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के हत्थे चढ़ ही गया। हरियाणा की STF ने संपत नेहरा को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की संयुक्त राजधानी हैदराबाद से गिरफ्तार किया है।
कुख्यात गैंगस्टर संपत पर हत्या, लूट, फिरौती और सुपारी लेकर हत्या करने सहित कई मामले दर्ज हैं। संपत नेहरा की गिरफ्तारी को गठन के बाद STF की सबसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
यहां पर बता दें कि यह कुख्यात बदमाश हरियाणा के साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़ सहित कई राज्य की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। इसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे कुख्यात सदस्य बताया जाता है।
गैंगस्टर संपत के काले कारनामे
1. कुख्यात अपराधी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के पूर्व विधायक के भाई को मारने का प्रयास किया था।
2. अपने साथियों के साथ मिलकर अश्वनी कुमार से तीन करोड़ की फिरौती की मांग की थी।
3. गैंगस्टर सम्पत नेहरा ने पुलिस पार्टी पर फायर करके अपने साथी दीपक को पुलिस कस्टडी से छुड़वाया था।
4. आरोप है अपने साथियों के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र एरिया से गन पॉइंट पर एंडेवर कार लूटने के बाद पंजाब में जाकर हत्या की थी।
5. अपने साथियों के साथ मिलकर आनंद निवासी कारोबारी की हत्या की थी, जिस संबंध में थाना सांपला रोहतक में अभियोग अंकित है।
6. कुख्यात गैंगस्टर ने सुपारी लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर अजय निवासी जैतापुर की सादुलपुर कोर्ट राजगढ़ (राजस्थान) में हत्या की थी ।
7. दो करोड़ की फिरौती मांगने के संबंध में थाना कुंडली (सोनीपत) में अभियोग अंकित है।