एक महिला के वीडियो से होली के दिन गुरुग्राम में हुई हैवानियत में आया नया मोड़
जानकारी के मुताबिक होली के दिन भोंडसी इलाके में तीन-चार लोगों के परिवार पर करीब 30 लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर हमला कर दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
गुरुग्राम, जेएनएन। होली के दिन 21 मार्च को गुरुग्राम में करीब 30 लोगों की भीड़ द्वारा घर में घुसकर पूरे परिवार पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला करने के मामले में एक और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बता दें कि इस हमले में महिलाओं सहित कई बच्चे भी घायल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, होली के दिन भोंडसी इलाके में तीन-चार लोगों के परिवार पर करीब 30 लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर हमला कर दिया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
गुरुग्राम में नहीं हुआ समुदायों में विवाद
भोंडसी थाना क्षेत्र के भूपसिंह नगर में दो गुटों के बीच मारपीट के मामले में रविवार को नया मोड़ आ गया। पीड़ित पक्ष की महिला ने वीडियो जारी कर इस घटना को दो समुदाय के बीच हुए विवाद से जोड़ने की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। महिला का यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। बता दें कि घटना के बाद कुछ राजनीतिक दल के नेताओं ने सोशल साइट पर डाले गए संदेशों को सियासी रंगत देने का प्रयास किया था। वहीं गांव में पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात है। गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ में पुलिस ने अन्य आरोपितों की पहचान कर ली है।
21 मार्च को भूपसिंह नगर में दो गुटों में क्रिकेट की गेंद लगने के बाद विवाद हो गया था। पहले आरोपित पक्ष के दो युवकों को मारा गया था। बाद में युवकों ने साथियों को बुला पीड़ित पक्ष के घर में घुस परिवार के दस सदस्यों को लाठी से बुरी तरह से मारा था। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ। इस वीडियो को लेकर कई राजनीतिक दलों के नेताओं सत्ता पक्ष को घेरने की कोशिश की।
वहीं इस वीडियो में पीड़ित महिला कह रही है कि इस घटना का समुदाय विशेष से कोई मतलब नहीं है। महिला ने कहा कि वह पहले बादशाहपुर में किराये पर रहती थी। वहां भी उनके साथ ऐसी कोई बात नहीं हुई। अब वह काफी दिनों से भूपसिंह नगर में रह रही हैं। डीसीपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि एक आरोपित गिरफ्तार कर लिया है। अन्य भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
AAP विधायक ने चार घायलों को दिल्ली के अस्पताल में कराया भर्ती
होली के दिन गुरुग्राम में एक परिवार पर हुए हमले में कई लोग घायल हो गए थे। इनमें गंभीर चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराने का दावा आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान ने किया है। इस संबंध में उन्होंने एक ट्वीट किया है। इसके साथ उन्होंने अस्पताल में पीड़ितों का हाल जानते अपना फोटो भी शेयर किया है।