गुरु पर्व : जन-जन को जोड़ेगा करतारपुर कॉरिडोर : पीएम
गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर अवसर पर पीएम मोदी ने भी मत्था टेका।
नई दिल्ली, जेएनएन। गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरु नानक जयंती के अवसर पर पीएम मोदी ने भी मत्था टेका। गुरुपर्व के मौके पर शिरोमणि अकाली दल बादल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के निवास में आयोजित गुरमत समागम में पीएम मोदी शामिल हुए। इस दौरान पीएम ने कहा कि किसने सोचा था कि बर्लिन की दीवार गिर सकती है, शायद गुरु नानक देव जी के आशीर्वाद से करतारपुर का कॉरीडोर सिर्फ कॉरीडोर नहीं, जन-जन को जोड़ने का बहुत बड़ा कारण बन सकता है।
K
सीएम ने भी टेका मत्था
प्रकाश पर्व पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी गुरुद्वारा रकाबगंज में पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के सदस्यों ने उन्हें सम्मानित किया। कमेटी के महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि आज पूरे विश्व में गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है, क्योंकि उनका संदेश किसी एक कौम, धर्म, जाति, नस्ल या क्षेत्र से संबंधित नहीं था, बल्कि समस्त मानव जाति के लिए था।
सेवा के लिए की तारीफ
सिरसा ने कहा कि सिखों की कौम अपने क्षेत्र के अलावा बाहर निकल कर भी सेवा करती है। श्री अकाल तख्त साहिब से हमें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा मिलती रहेगी। इस अवसर पर कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि 70 वर्ष बाद करतारपुर गलियारे के पंथ की अरदास पूरी होगी। उन्होंने कहा कि इसमें शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल का बहुत बड़ा योगदान है।
केंद्र सरकार का फैसला प्रशंसनीय
केंद्र सरकार का यह फैसला प्रशंसनीय है। धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन परमजीत सिंह राणा ने बधाई देते हुए कहा कि आज हम गुरु साहिब के मार्ग से भटक गए हैं। उनके उपदेशों को भूलकर कर्मकाड एवं भ्रमों में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि 550वें प्रकाश पर्व पर गुरु नानक देव को समर्पित एक सिक्का भी जारी किया जाएगा। इस अवसर पर अकाली नेता कुलमोहन सिंह ने कहा कि हमें नगर कीर्तन निकालने, बड़े स्तर पर लंगर लगाने, गुरुपर्व मनाने के साथ ही गुरु साहिब की वाणी पढ़ने एवं उनके उपदेशों को समझने की भी आवश्यकता है।
इस अवसर पर तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह भी पहुंचे। कमेटी ने उन्हें भी सम्मानित किया। इस अवसर पर कमेटी के सदस्य कुलवंत सिह बाठ, परमजीत सिंह चंडोक, पूर्व सदस्य कुलदीप सिंह भोगल एवं हरदेव सिंह धनौआ ने हाजिरी भरी। स्टेज सचिव की सेवा गुरमीत सिंह मीता, तजिन्दर सिंह सोनी जतिन्दर पाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह पप्पा ने सुचारू रूप से निभाई। इस अवसर पर बाबा जतिन्दर पाल सिंह सोढ़ी द्वारा प्रकाशित व लेखक डॉ. हरबंस सिंह चावला द्वारा लिखित पुस्तक बाबा बंदा सिह बहादर का लोकार्पण किया गया।