शादी की खुशी में जमकर हुई फायरिंग, गोली लगने से घोड़ी पर सवार दूल्हे की मौत
बैंड बाजे के साथ वीडियोग्राफी भी कराई जा रही थी। सारी घटना कैमरे में कैद हुई है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिलशाद गार्डन स्थित कलंदर कॉलोनी में हर्ष फायरिंग ने दूल्हे की जान ले ली। कॉलोनी के बाहर मुख्य सड़क पर घुड़चढ़ी के दौरान आतिशबाजी और हर्ष फायरिंग की जा रही थी। तभी घोड़ी पर बैठे दूल्हे दीपक कुमार (21) के सिर में एक गोली जा लगी। उन्हें जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ घंटे बाद ही मौत हो गई। गोली चलाने वाले युवक की पहचान आदिल के रूप में हुई है, लेकिन वह फरार है।
परिजनों ने साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए कलंदर कॉलोनी में सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलोनी में ही रहने वाले मांडू नामक शख्स पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
दीपक कुमार परिवार के साथ ई-59/129 कलंदर कॉलोनी में रहते थे और बड़े भाई शिवा के साथ आनंद विहार बस अड्डे पर निजी बसों में सवारियां बैठाने का काम करते थे। मंगलवार को फरीदाबाद निवासी कोमल से दीपक की शादी होनी थी। शाम करीब सात बजे कलंदर कॉलोनी से बरात निकली।
रात करीब आठ बजे दीपक कुमार दो सहबालों के साथ घोड़ी पर बैठे थे और बैंड बाजे के साथ नाचने के दौरान दूल्हे के पीछे चल रहा आदिल हवा में गोलियां चला रहा था। तभी एक गोली दीपक के सिर में लगी और रात करीब 12:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
साप्ताहिक बाजार के शोर में दब गई गोली की आवाज
मंगलवार को दिलशाद गार्डन में साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार से थोड़ी दूरी से ही बारात निकली थी। साप्ताहिक बाजार और बैंड-बाजे के शोर में गोली की आवाज दब गई। गोली लगने के बाद दीपक घोड़ी से गिरे और सिर से खून निकलने लगा, तब गोली लगने की लोगों को जानकारी मिली। घोड़ी पर दो बच्चे भी दूल्हे के साथ बैठे थे। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
दीपक के परिवार में मां राधा देवी, भाई शिवा, भाभी राखी के अलावा दो बहनें सोनम व मीनाक्षी है। इन सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां राधा तो बार-बार बेटे का नाम लेकर बेहोश हो रही हैं। जिस समय दीपक को गोली लगी, उस समय वहां बैंड बाजे के साथ वीडियोग्राफी भी कराई जा रही थी। सारी घटना कैमरे में कैद हुई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गोली लगते ही दीपक घोड़ी से नीचे गिर गए और अफरातफरी मच गई। पुलिस ने वीडियोग्राफर से फुटेज को कब्जे में ले लिया है।
परिजनों ने मांडू पर लगाए गंभीर आरोप
दीपक की मां राधा देवी और बहन सोनम ने इस घटना को हत्या करार देते हुए कॉलोनी के मांडू नामक शख्स को भी जिम्मेदार ठहराया है। सोनम ने बताया कि करीब चार साल पूर्व सुल्तानपुरी में उनकी शादी हुई थी। शादी के दो दिन बाद ही मांडू उन्हें ससुराल से जबरन ले आया था। आरोप है कि मांडू ने धर्म परिवर्तन कर शादी करने की कोशिश की, लेकिन इसके लिए वह तैयार नहीं हुईं। अभी वह मायके में ही रहती हैं। उन्होंने बताया कि मांडू उनके घर के मामलों में भी दखल देता है। वह नहीं चाहता था कि फरीदाबाद में दीपक की शादी हो।