स्वर्ण पदक विजेता विकास कृष्णन यादव का स्वागत किया
विकास ने 18 वर्ष से कम आयु में एशियन गेम 2010 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
गुरुग्राम (जेएनएन)। हाल में ऑस्ट्रेलिया -गोल्ड कोस्ट में खेले गए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता विकास कृष्णन यादव का सोहना रोड स्थित एक वाटिका में स्वागत किया गया। गोल्ड कोस्ट के हीरो का स्वागत प्रोग्राम महाशय खुबीराम ट्रस्ट की तरफ से आयोजित किया गया। इस मौके पर आस पास गांव इलाके के बड़ी संख्या में मौजूद लोग उपस्थित थे।
युवाओं ने अपने हीरो को फूल मालाएं पहना कर स्वागत किया। बुजुर्गों ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। ट्रस्ट के चेयरमैन इंद्रजीत यादव ने इस मौके पर एक लाख रुपये भेट किए। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान परमजीत यादव ने बताया कि विकास ने 18 वर्ष से कम आयु में एशियन गेम 2010 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।
उसके बाद विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता और अब 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विकास देश के अकेले ऐसे बॉक्सर है जिन्होंने एशियन गेम व राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीते हैं।
इस मौके पर यादव महासभा के प्रधान परवीन यादव, कुलदीप यादव पार्षद, अनिल यादव पार्षद, धर्म नंबरदार, दीपक यादव, सुनील प्रधान, सुनील पहलवान, महेश यादव व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।