Delhi News: छात्रा ने त्रिपुरा के विधायक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Delhi Crime News त्रिपुरा के एक विधायक के द्वारा छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर पीड़िता का बयान दर्ज किया है और जांच कर रही है।
नई दिल्ली [धनंजय मिश्रा]। त्रिपुरा के एक विधायक के द्वारा छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर पीड़िता का बयान दर्ज किया है।
मामले में पुलिस ने जांच के में शामिल होने के लिए आरोपित विधायक को नोटिस भेजा है। पीड़िता दिल्ली के एक कालेज में पढ़ाई कर रही है।
नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त अमृता गुगुलोथ ने बताया कि आरोपित के खिलाफ धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला) और 354 ए (यौन उत्पीड़न और यौन उत्पीड़न की सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि विधायक ने 28 जून की रात उसके साथ छेड़छाड़ की।
शिकायत मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे हुई छेड़छाड़ के संबंध में है। पीड़िता द्वारा सुबह करीब 2:35 बजे पुलिस को काल किया गया था। आरोपितको 41 (ए) सीआरपीसी नोटिस दिया गया है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपित विधायक जांच में शामिल हो गए हैं और सहयोग कर रहे हैं। अभी फिलहाल इस मामले में गिरफ्तारी नहीं की गई है। वहीं त्रिपुरा भवन के संयुक्त रेजिडेंट कमिश्नर रंजीत दास ने त्रिपुरा सरकार को पत्र लिखकर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
दास ने कहा कि दिल्ली पुलिस की एक टीम पीड़िता से दो बार मिली। बुधवार को पीड़िता और आरोपित विधायक दोनों को जांच के सिलसिले में थाने ले जाया गया। पुलिस की एक टीम ने 28 जून को त्रिपुरा भवन का दो बार दौरा किया और पीड़ित से मुलाकात की।