विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: शुक्रवार रहा इस सीजन का सबसे गर्म दिन, 41 डिग्री से ऊपर रहा तापमान; पढ़ें आनेवाले दिनों का हाल

Published: Fri, 25 Apr 2025 10:25 PM (IST)

दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ...और पढ़ें

सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार।
सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार।

HighLights

  1. रिज क्षेत्र में 43 डिग्री और आयानगर में 42 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
  2. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। शुक्रवार (25 अप्रैल) का दिन गर्मियों के इस सीजन में अभी तक का सबसे गर्म रहा। लोधी रोड और रिज क्षेत्र में लू भी चली। तेज धूप के बीच दिन भर दिल्ली वासी गर्मी की चुभन से बेहाल रहे। शनिवार को भी गर्मी के तेवर ऐसे ही रहेंगे और यलो अलर्ट भी बना रहेगा।

शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पीतमपुरा में यह सर्वाधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 41.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यह इस सीजन का अभी तक सर्वाधिक है।

तीन वर्षों में अप्रैल माह का सर्वाधिक

वैसे बीते वर्षों में देखें तो तीन वर्षों में अप्रैल माह का सर्वाधिक भी है। 41 डिग्री से ऊपर तापमान न अप्रैल 2024 में गया और न अप्रैल 2023 में। शुक्रवार को दिल्ली का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.3 सेल्सियस डिग्री रिज क्षेत्र में दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 62 से 14 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बीच बीच में यह रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे की भी हो सकती है। कहीं कहीं लू वाले हालात बने रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 24 डिग्री रहने के आसार हैं।

तब बनती है लू वाली स्थिति

मौसम विभाग के मुताबिक जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर और सामान्य से साढ़े चार से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस ऊपर रहता है तो ऐसी स्थिति को लू की स्थिति माना जाता है।

शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान वाले प्रमुख इलाके (डिग्री सेल्सियस में)

इलाका अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)
सफदरजंग 41.7 21.6
पालम 41.9 23.6
लोधी रोड 41.8 19.8
रिज 43.3 23.2
आया नगर 42.2 20.3
पीतमपुरा 41.6 26.8

दिल्ली का एक्यूआई खराब श्रेणी में बरकरार

शुक्रवार को भी दिल्ली का एक्यूआई 200 से ऊपर यानी खराब श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआइ 258 दर्ज किया गया। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को यह 227 था। यानी चौबीस घंटे के दौरान इसमें 31 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। एनसीआर के शहरों का एक्यूआइ भी इसी श्रेणी में बना हुआ है। हाल फिलहाल एक्यूआइ की श्रेणी में बदलाव की अधिक संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी एयर स्पेस बंद होने से फ्लाइट्स पर असर, इंडिगो ने उड़ानों को 10 दिनों के लिए किया रद