एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत
एक्सप्रेस-वे पर दनकौर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
नोएडा, जेएनएन। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर दनकौर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्विफ्ट डिजायर में टक्कर मार दी। हादसे में बुलंदशहर निवासी पिता, पुत्र समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में कार का चालक घायल हो गया। उसका उपचार चल रहा है। परिजन की शिकायत पर अज्ञात वाहन के खिलाफ दनकौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मूल रूप से बुलंदशहर की शिकारपुर मुख्य बाजार के रहने वाले पंकज वर्मा उर्फ कन्हैया ज्वैलर्स थे। उनकी दुकान पर कस्बे के ही खलील और इकबाल नौकरी कर रहे थे। पंकज बृहस्पतिवार सुबह खलील, इकबाल व उसका चार वर्षीय बेटा काजू एवं अंकित स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर राजस्थान के अजमेर के लिए निकले थे। देर रात पूजा अर्चना करने के बाद सभी ने वहीं समय बिताया। शनिवार शाम ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से होते हुए सभी वापस आ रहे थे।
जब कार एक्सप्रेसवे पर दनकौर क्षेत्र में स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट पहुंची तभी अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना में पंकज वर्मा, खलील व इकबाल की मौके पर मौत हो गई। जबकि इकबाल का चार वर्षीय काजू बुरी तरह घायल हो गया व चालक अंकित को भी चोट आई। वहीं, घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया।
हादसे के बाद अंकित ने घटना की जानकारी डायल 100 को दी। सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस और हाइवेकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अनुसार क्षतिग्रस्त कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। घायल काजू और अंकित को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान चार वर्षीय काजू की भी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी देहात का कहना है कि पंकज वर्मा के जानकार सुभाष चंद वर्मा निवासी सुनारों वाली गली बुलंदशहर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।