Move to Jagran APP

Arun jaitley Hospitalised: पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में भर्ती

Arun jaitley Hospitalised पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की तबीयत खराब होने पर उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया है। जेटली का हाल जानने के लिए पीएम मोदी एम्स पहुंच गए हैं।

By Mangal YadavEdited By: Published: Fri, 09 Aug 2019 07:42 PM (IST)Updated: Sat, 10 Aug 2019 08:23 AM (IST)
Arun jaitley Hospitalised: पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में भर्ती
Arun jaitley Hospitalised: पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में भर्ती

नई दिल्ली, जेएनएन। Arun jaitley Hospitalised: पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली (66) को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घबराहट और बेचैनी की शिकायत के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया कि उन्हें एम्स के कार्डियो न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है जिसमें एंडोक्रिनोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और नेफ्रोलॉजिस्ट शामिल हैं। अरुण जेटली के भर्ती होने की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेता उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे। शनिवार सुबह उपमुख्यमंत्री वेंकैया नायडू भी उन्हें देखने के लिए एम्स पहुंचे।

loksabha election banner

 

इस साल मई में भी उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। मालूम हो कि पेशे से वकील अरुण जेटली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान कैबिनेट के सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी रहे हैं। कई बार वह सरकार के लिए प्रमुख संकटमोचक (ट्रब्रुलशूटर) के रूप में उभरे। खराब स्वास्थ्य की वजह से इस साल उन्होंने लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा।

 

बता दें कि जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एम्स पहुंचे और अरुण जेटली का हाल जाना। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भी जेटली का हाल जानने के लिए एम्स में मौजूद हैं। इन नेताओं के अलावा स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्‍विनी चौबे भी मौके पर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी जेटली को देखने के लिए एम्स पहुंचे हैं। 


ये नेता भी जेटली का हाल जानने के लिए एम्स पहुंचे
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का हाल जानने के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद गौतम गंभीर समेत कई बड़े नेता एम्स पहुंचे हुए हैं। इन सभी नेताओं के अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, रविशंकर प्रसाद और सांसद मीनाक्षी लेखी भी एम्स में मौजूद हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव भी जेटली का हाल जानने के लिए एम्स पहुंचे हुए हैं। शुक्रवार देर शाम योग गुरु बाबा रामदेव भी जेटली का हाल जानने के लिए एम्स पहुंचे। 

कई अहम मंत्रालय संभाल चुके हैं जेटली
अरुण जेटली ने पिछली मोदी सरकार में वित्त मंत्रालय के साथ-साथ कुछ समय के लिए रक्षा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाली थी। अटल बिहारी सरकार में भी वे केंद्र में मंत्री रह चुके हैं। बीमारी की वजह से इस बार वह मोदी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए। बीमारी के बावजूद वह मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रमों पर करीबी नजर रखते रहे हैं। अक्सर वह प्रमुख मुद्दों पर ब्लॉग लिखकर या फिर ट्वीट कर अपनी राय जाहिर करते हैं।

मई 2018 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन
बता दें कि अरुण जेटली लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। बीमारी की वजह से वे 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद मोदी कैबिनेट में शामिल नहीं हुए। अरुण जेटली का 14 मई 2018 में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन किया गया था।  इसके लिए उन्होंने अप्रैल, 2018 की शुरुआत से ही मंत्रालय आना बंद कर दिया था। इस दौरान पीयूष गोयल वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभालते रहे। स्वास्थ्य लाभ के बाद 23 अगस्त, 2018 को उन्होंने वापस वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया था।  

जानकारी के अनुसार, जेटली को किडनी दान देने वाली महिला उनकी दूर की रिश्तेदार हैं। एम्स सूत्रों के मुताबिक, 20 डॉक्टरों के दल ने किडनी प्रत्यारोपण के लिए हुए ऑपरेशन को सफल बनाया, जिसमें नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. संदीप गुलेरिया (अपोलो अस्पताल), संदीप महाजन, वीके बंसल व एम्स निदेशक रणदीप गुलेरिया भी शामिल रहे। गौरतलब है कि अप्रैल में अरुण जेटली की किडनी प्रत्यारोपण की प्रक्रिया रद कर दी गई थी। इसके पीछे दानदाता से उनके अंग का मिलान न हो पाने की वजह सामने आई थी।

सितंबर 2014 में बैरिएट्रिक ऑपरेशन
अरुण जेटली का सितंबर 2014 में बैरिएट्रिक ऑपरेशन हो चुका है। लंबे समय से मधुमेह के कारण वजन बढ़ने की समस्या के निदान के लिए यह ऑपरेशन किया गया था। यह ऑपरेशन पहले मैक्स हॉस्पीटल में हुआ था। लेकिन बाद में कुछ दिक्कतें आने के कारण उन्हें एम्स स्थानांतरित किया गया था। कुछ साल पहले उनके हृदय का भी ऑपरेशन हो चुका है। 

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.