Corona in Delhi: मंडोली जेल में बंद पूर्व विधायक महेंद्र यादव हुए कोरोना संक्रमित
तिहाड़ के प्रवक्ता राजकुमार ने बताया कि पालम के पूर्व विधायक महेंद्र यादव 1984 में हुए सिख विरोधी दंगा मामले में मंडोली जेल में सजा काट रहे हैं। इन्हें कोरोना हुआ है।
नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। 1984 में हुए सिख विरोधी दंगा मामले में मंडोली जेल में बंद पूर्व विधायक महेंद्र यादव कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें पेट दर्द की शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में उनका कोविड-19 का टेस्ट हुआ तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालत बिगड़ने पर उन्हें लोकनायक अस्पताल में रेफर किया गया।
कैदी की कोरोना से हुई मौत
पूर्व विधायक के संक्रमित पाए जाने के बाद उनके साथ जेल में बंद अन्य कैदियों को भी अपने स्वास्थ्य की चिंता सताने लगी है। कुछ दिन पहले इसी जेल में बंद एक बुजुर्ग कैदी की काेरोना से मौत हो गई थी, 30 से ज्यादा कैदी कोरोना से लड़ाई लड़ रहे हैं।
इलाज के लिए असपताल में हुए भर्ती
तिहाड़ के प्रवक्ता राजकुमार ने बताया कि पालम के पूर्व विधायक महेंद्र यादव 1984 में हुए सिख विरोधी दंगा मामले में मंडोली जेल में सजा काट रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्हें पेट दर्द की शिकायत हुई थी। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां उनका कोरोना का टेस्ट हुआ तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनका इलाज लोकनायक अस्पताल में चल रहा है।