Winter Care: शरीर को सर्दी से लड़ने की शक्ति और गर्माहट देते सेहत के ये चार साथी
Winter Care गुड़ में फोलेट पोटेशियम सोडियम आदि पोषक तत्व प्रचुर मात्र में पाए जाते हैं। ये तत्व रक्त की कमी को दूर करने व ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। ये शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय खानपान में ऐसे बहुत से खाद्य पदार्थ हैं, जो हमारे शरीर को सर्दी से लड़ने की शक्ति और अंदरूनी गर्माहट देते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि प्रतिदिन हल्दी वाले दूध के साथ थोड़े से गुड़ का सेवन किया जाए तो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और हड्डियां मजबूत होती हैं।
शहद : विशेषज्ञों के अनुसार शहद की तासीर काफी गर्म होती है। यही कारण है कि लगभग हर पैथी के चिकित्सक इसके सेवन की सलाह देते हैं। इसमें पाए जाने वाले फाइटोन्यूटिएंट्स व एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर के लिए बहुत लाभकारी होते हैं। यह सर्दी-जुकाम से बचाने के साथ-साथ गले की खराश आदि दूर करने भी लाभकारी है। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को कुदरती रूप से गर्म करने के साथ ही विभिन्न प्रकार के संक्रमण से भी बचाने में सहायक होते हैं।
अदरक : जाड़े के मौसम में अदरक वाली चाय का कहना ही क्या। विशेषज्ञों का कहना है कि अदरक में थर्मोजेनिक प्रापर्टीज पाई जाती हैं। यही कारण है कि यह शरीर को न केवल अंदर से गर्म रखने में मदद करती है, बल्कि हमारे मेटाबालिज्म को भी बूस्ट करती है। इसके सेवन से शरीर में रक्तसंचार भी अच्छी तरह होता है। अदरक को भोजन में किसी न किसी रूप में शामिल करना सेहत के लिए बहुत लाभकारी होता है। यह शरीर को विभिन्न प्रकार के संक्रमण से सुरक्षित रखने के साथ-साथ पाचनक्रिया को भी दुरुस्त रखती है।
तुलसी : यह शरीर की विभिन्न प्रकार के संक्रमण से रक्षा करती है। इसके साथ ही यह हृदय, लिवर, किडनी व त्वचा के लिए भी लाभकारी है। इसमें विटामिन सी और जिंक काफी मात्र में पाया जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसमें एंटी बैक्टीरियल, एंटी वायरल व एंटी फंगल प्रापर्टीज पाई जाती हैं। तुलसी शरीर को विभिन्न प्रकार के दर्द से भी राहत दिलाती है। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स न केवल सेहत के लिए लाभकारी होते हैं, बल्कि त्वचा और बालों के लिए भी लाभकारी होते हैं। इसमें आयरन, कैल्शियम, विटामिन ए आदि पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये शरीर को दिमागी तौर पर भी पोषण देने में मदद करते हैं। इसमें डिटॉक्सीफाइंग एजेंट होते हैं, जो विशेषज्ञों का कहना है कि तुलसी दांतों के लिए भी काफी लाभकारी है। यह ब्लड शुगर के लेवल को सही रखने में मदद करती है।
गुड़ : इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को स्वस्थ रखने में बहुत मदद करते हैं। यह पाचनतंत्र को मजबूत बनाता है। इसके सेवन से लिवर मजबूत होता है। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। इसमें मौजूद खनिज तत्व जैसे जिंक व सेलेनियम शरीर की फ्री रेडिकल्स से रक्षा करते हैं। गौरतलब है कि फ्री रेडिकल्स त्वचा पर उम्र के असर को बढ़ाते हैं। यह रक्त को साफ करने में मदद करता है। कारण, इसमें काफी मात्र में आयरन पाया जाता है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो